नई दिल्ली। कर्नाटक विधान परिषद के उपचुनाव के लिए कांग्रेस पार्टी ने अपने प्रत्याशियों की सूची जारी कर दी है। खास बात ये है कि भारतीय जनता पार्टी का दामन छोड़कर कांग्रेस का दामन थामने वाले जगदीश शेट्टार (Jagadish Shettar) को पार्टी ने बड़ा तोहफा दिया है। पूर्व मुख्यमंत्री जगदीश शेट्टर को कांग्रेस ने एमएलसी उपचुनाव में अपना उम्मीदवार बनाया है। शेट्टार के अलावा कांग्रेस ने 2 और प्रत्याशी के नाम भी घोषित किए हैं। जिनमें तिप्पनप्पा कामाकनूर और एन एस बोसराजू को एमएलसी उपचुनाव में कैंडिडेट बनाया है। इस संबंध में कांग्रेस महासचिव मुकुल वासनिक ने नोटिफेकशन जारी किया है। इसमें लिखा गया है कि कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने इन उम्मीदवारी के प्रस्ताव को सहमति दे दी है।
भाजपा से कांग्रेस में आए शेट्टार का कार्यकाल 14 जून 2028 तक होगा। इसके साथ ही कामाकनूर का कार्यकाल 30 जून 2026 और बोसराजू का 17 जून 2024 तक कार्यकाल होगा। आपको बता दें कि कर्नाटक विधानसभा चुनाव से ठीक पहले पूर्व सीएम जगदीश शेट्टार ने भाजपा द्वारा टिकट नहीं दिए जाने पर पार्टी का साथ छोड़ दिया था। इसके बाद नाराज शेट्टार ने कांग्रेस का दामन थाम लिया था। इसके बाद कांग्रेस ने उन्हें हुबली धारवाड़ सेंट्रल सीट से चुनावी मैदान में उतारा था, लेकिन चुनाव में उन्हें हार का सामना करना पड़ा।
कर्नाटक विधान परिषद के उपचुनाव के लिए कांग्रेस ने जगदीश शेट्टार, तिप्पनप्पा कामाकनूर और एन.एस. बोसेराजू को उम्मीदवार बनाया। pic.twitter.com/D3G4b8UfC8
— ANI_HindiNews (@AHindinews) June 19, 2023
कर्नाटक विधानसभा चुनाव के नतीजों की बात करें तो, कांग्रेस ने चुनाव में जबरदस्त जीत हासिल की थी। कांग्रेस को 224 विधानसभा सीटों में से 135 पर जीत प्राप्त हुई थी। वहीं भाजपा महज 66 सीटें जीतने में कामयाब रही। इसके अलावा जेडीएस को 19 सीट और अन्य के खाते में 4 सीटें आई थी।
जानिए कब होगी वोटिंग-
बता दें कि कर्नाटक में एमएलसी उपचुनाव के लिए वोटिंग इस महीने के आखिरी तारीख यानि 30 जून को होगी। शाम 4 बजे तक मतदान होंगे और उसी दिन नतीजे भी घोषित कर दिए जाएंगे। इसमें विधानसभा के सदस्य भाग लेंगे।