News Room Post

एयर इंडिया को लेकर हरदीप पुरी ने दिया बड़ा बयान साथ ही कहा दिवाली तक 60% उड़ानें संभव

नई दिल्ली। कोरोना संकट और लॉकडाउन की वजह से सभी एयरलाइंस को भारी नुकसान हुआ है। ऐसे में नागरिक उड्डयन मंत्री हरदीप सिंह पुरी ने गुरुवार को एक प्रेस कॉन्फ्रेस में कहा कि कोरोना संकट से पहले जितनी घरेलू उड़ानों का संचालन होता था, उसका 55 से 60 फीसद तक उड़ानें दीवाली तक होने लगेगा।

वंदे भारत मिशन

हरदीप सिंह पुरी ने कहा कि ‘वंदे भारत’ मिशन के तहत अब तक दो लाख 80 हजार लोगों को विदेशों से वापस लाया गया है। उन्होंने कहा कि दुबई और यूएई से बड़ी संख्या में भारतीय वापस आए हैं। जबकि अमेरिका से करीब 30 हजार लोग वापस लाए गए हैं।

उन्होंने बताया कि वंदे भारत मिशन के तहत एयर फ्रांस एयरलाइन 18 जुलाई से एक अगस्त के बीच दिल्ली, मुंबई और बेंगलुरू से पेरिस के लिए 28 उड़ानों का संचालन करेगी। जबकि अमेरिकी एयरलाइंस की 18 उड़ानें 17 से 31 जुलाई के बीच भारत आएंगी। उन्होंने बताया कि इसके अलावा जर्मनी से भी बातचीत चल रही है।

एअर इंडिया का निजीकरण जरूरी

हरदीप सिंह पुरी ने बताया कि एअर इंडिया का निजीकरण जरूरी है, और सरकार इस दिशा में काम कर रही है। मंत्री ने कहा कि विदाउट पे कर्मचारियों को लीव पर सभी एयरलाइंस कंपनियां भेज रही हैं, क्योंकि यह उनकी मजबूरी है। सरकार उस स्थिति में नहीं है कि एयरलाइंस कंपनियों को बड़ी आर्थिक मदद कर सके।

कोरोना की वजह से संकट में एअर इंडिया

वहीं एअर इंडिया के सीएमडी राजीव बंसल ने कहा कि कोरोना संकट की वजह से एयरलाइंस को भारी नुकसान हो रहा है। खर्च कम करने के लिए कई कदम उठाए जा रहे हैं, जिसमें से एक कर्मचारियों की संख्या में कटौती भी है। उन्होंने कहा कि कंपनी अपने कुछ कर्मचारियों के पोस्ट रिटायरमेंट पर भी विचार कर रही है।

Exit mobile version