News Room Post

लद्दाख में फिर दिखा भारतीय सेना का पराक्रम, पैंगोंग में अहम चोटियों पर जमाया नियंत्रण

Ind China

नई दिल्ली। भारत-चीन सीमा विवाद के बीच भारतीय सेना(Indian Army) ने एक बार फिर अपने पराक्रम का प्रदर्शन करते हुए चीन के घमंड को चकनाचूर किया है। बता दें कि चालबाज चीन(China) को मात देने के लिए भारतीय सेना पूरी तरह मुस्तैद है और हर मोर्चे पर चीन को करारा जवाब दे रही है। इसी बीच भारतीय सेना ने फिंगर 4 की कई महत्वपूर्ण चोटियों को अपने नियंत्रण में ले लिया है।

बता दें कि भारतीय सेना ने पैंगोंग में अहम चोटियों पर अपना नियंत्रण जमा लिया है। वहीं इससे पहले, 8 सितंबर को चीनी सैनिकों ने अपनी हरकतों से बाज ना आते हुए मोटरबोट्स पर सवार होकर पेंगोंग झील के पश्चिमी किनारे के रास्ते भारतीय सीमा में घुसने की कोशिश की थी, लेकिन भारतीय सैनिकों को देखकर वापस लौट गए। इससे एक दिन पहले चुशूल की मुखपरी पहाड़ी पर कब्जा करने के लिए चीनी सैनिक आए थे लेकिन भारतीय सैनिकों ने उन्हें वापस खदेड़ दिया था।

आपको बता दें कि फिंगर 4 पैंगोंग झील के दक्षिणी किनारे में स्थित है। अब भारतीय सेना फिंगर 8 तक मजबूत डोमिनेंट कर सकती है। हालांकि, चीन की सेना अभी भी फिंगर 4 पर मौजूद है लेकिन भारतीय सेना ने अहम चोटियों पर कब्जा जमा लिया है। फिलहाल भारतीय सेना के इस पराक्रम का फायदा ये होगा कि भारतीय सेना अब चीनी सेना की गतिविधियों पर आसानी से नजर रख सकती है।

वहीं लद्दाख सीमा पर बने तनाव के बीच आज लड़ाकू विमान राफेल को वायुसेना में शामिल कर लिया गया है। अगर लद्दाख सीमा की भौगोलिक स्थिति के हिसाब से देखें तो ये लड़ाकू विमान एकदम फिट बैठता है। राफेल ओमनी रोल लड़ाकू विमान है। पहाड़ी जगहों पर इसकी चपलता गजब की है। अगर पहाड़ो पर कम जगह हों और इसे उतरना हो तो ये विमान बेजोड़ है। इसे समुद्र में चलते हुए युद्धपोत पर उतार सकते हैं। इस विमान में तीन तरह की मिसाइल लगाई जा सकती हैं। हवा से हवा में मार करने वाली मीटियोर मिसाइल, हवा से जमीन में मार करने वाल स्कैल्प मिसाइल और हैमर मिसाइल।

Exit mobile version