News Room Post

रातों रात की जा रही नियुक्तियां सबूत हैं कि कमलनाथ की सरकार गई! 

नई दिल्ली। मध्य प्रदेश की कमलनाथ सरकार पर  खतरा लगातार बढ़ रहा है। सरकार अल्पमत में आ चुकी है।  कांग्रेस के 22 विधायक बगावत कर चुके हैं। मगर इस सबके बीच कमलनाथ सरकार धड़ाधड़ नियुक्तियां कर रही है। गहरी अस्थिरता के बीच रातोंरात की जा रही ये नियुक्तियां इस बात का इशारा कर रही हैं कि सरकार जाते-जाते अपने पसंदीदा लोगों को  सही जगहों पर स्थापित करना चाहती है।

इसी कड़ी में कमलनाथ सरकार ने जेपी धनोपिया को राज्य पिछड़ा वर्ग आयोग का अध्यक्ष बनाया गया है। धनोपिया मध्य प्रदेश कांग्रेस के प्रवक्ता हैं। कमलनाथ सरकार की नियुक्तियां इस बात की गवाही दे रही हैं कि सरकार यह मान चुकी है कि उसका जाना तय है।

इससे पहले आईएएस एम. गोपाल रेड्डी को प्रदेश का नए मुख्य सचिव बनाया गया। कांग्रेस की प्रदेश मीडिया प्रभारी शोभा ओझा को राज्य महिला आयोग का अध्यक्ष बनाया गया। शोभा ओझा आनन-फानन में अपना पदभार भी संभाल रही हैं। इसी तरह से नए मुख्य सचिव ने भी पदभार संभाल लिया है।

कमलनाथ सरकार ने कई आईएएस व आईपीएस का ट्रांसफर भी कर दिया है। एस.आर. मोहंती सहित कई अधिकारी इधर से उधर किए गए। इससे पहले कमलनाथ सरकार राज्य के डीजीपी विवेक जौहरी का कार्यकाल भी बढ़ा चुकी है।

Exit mobile version