News Room Post

Navjot Singh Sidhu: आज जेल से रिहा हो रहे हैं नवजोत सिंह सिद्धू, जानिए आखिर सजा पूरी होने से पहले क्यों मिल रही राहत

navjot singh sidhu

पटियाला। पूर्व क्रिकेटर और कांग्रेस के नेता नवजोत सिंह सिद्धू आज पटियाला की जेल से रिहा होने जा रहे हैं। उनके वकील एचपीएस वर्मा ने शुक्रवार को इस बारे में जानकारी दी थी। सिद्धू को 1 साल की कैद हुई थी। उनको सजा पूरी होने से पहले ही जेल से रिहाई मिलने जा रही है। सिद्धू के वकील के मुताबिक पंजाब के जेल नियमों के तहत सिद्धू को रिहा करने का फैसला हुआ है। वर्मा ने बताया कि अगर कैदी का बर्ताव अच्छा होता है, तो उसे वक्त से पहले रिहा किया जा सकता है। बर्ताव ठीक होने पर हर महीने 5 से 7 दिन तक की सजा कम की जाती है। नवजोत सिंह सिद्धू को रोड रेज में हत्या का दोषी ठहराते हुए सुप्रीम कोर्ट ने 20 मई 2022 को एक साल की सजा सुनाई थी। जिसके बाद सिद्धू ने अगले दिन पुलिस के सामने सरेंडर कर दिया था।

सिद्धू ने सजा के दौरान कोई परोल या फरलो भी नहीं लिया था। परोल या फरलो को कैदी का अधिकार माना जाता है। इसके तहत कैदी को कुछ दिनों के लिए जेल से बाहर जाकर जरूरी काम और परिवार से मिलने का मौका दिया जाता है। अब आपको बताते हैं कि सिद्धू पर रोड रेज का केस कब का है। सिद्धू और उनके दोस्त रुपिंदर सिंह संधू 27 दिसंबर 1988 को पटियाला के एक मार्केट गए थे। वहां कार पार्किंग के चक्कर में 65 साल के गुरनाम सिंह से विवाद हो गया। सिद्धू पर आरोप लगा था कि उन्होंने गुरनाम सिंह को घुटना मारा और गिरा दिया। जिसके बाद गुरनाम सिंह की मौत हो गई। पंजाब और हरियाणा हाईकोर्ट ने सिद्धू और संधू को 3-3 साल कैद की सजा सुनाई थी। जिसपर सुप्रीम कोर्ट ने रोक लगा दी। फिर गुरनाम सिंह के घरवालों ने सुप्रीम कोर्ट में पुनर्विचार की अर्जी दी। जिसके बाद सुप्रीम कोर्ट ने सिद्धू को दोषी मानकर 1 साल की कैद की सजा सुनाई थी।

पत्नी नवजोत कौर के साथ सिद्धू की फाइल फोटो।

सिद्धू का अभी रिहा होना उनके परिवार के लिए अच्छी खबर है। खासकर उनकी पत्नी नवजोत कौर सिद्धू को इससे बड़ी राहत मिलने जा रही है। नवजोत कौर सिद्धू ने बीते दिनों जानकारी दी थी कि उनको दूसरी स्टेज का कैंसर हो गया है। उन्होंने अपने पति की रिहाई की खबर आने के बाद ईश्वर का शुक्रिया भी अदा किया था। सिद्धू अब घर लौटकर अपनी पत्नी का बेहतर इलाज करा सकेंगे।

Exit mobile version