News Room Post

Madhya Pradesh उपचुनाव से पहले कांग्रेस को मिली बुरी खबर, पार्टी के इस विधायक ने छोड़ दिया साथ

Rahul Lodhi Join BJP

नई दिल्ली। एक तरफ मध्य प्रदेश में उपचुनाव होने वाले हैं तो दूसरी तरफ इस चुनाव से पहले ही कांग्रेस को झटके मिलने शुरू हो गए हैं। बता दें कि कमलनाथ के ‘आइटम’ वाले बयान के बाद कांग्रेस की किरकिरी तो हो ही रही थी लेकिन अब मध्यप्रदेश उपचुनाव के बीच कांग्रेस को एक और झटका लगा है। गौरतलब है कि दमोह से पार्टी विधायक राहुल लोधी ने कांग्रेस से अपना इस्तीफा दे दिया है। राहुल लोधी ने अब भाजपा का दामन थाम लिया। ऐसे समय में पार्टी विधायक का विपक्षी दल में शामिल होना कांग्रेस खेमें को जरूर सदमा देगा। राहुल लोधी ने मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान की उपस्थिति में भाजपा की सदस्यता ग्रहण की। भाजपा में शामिल होने के बाद उन्होंने कहा कि मैं चाहता हूं कि मध्यप्रदेश उपचुनाव में भाजपा सभी सीटों पर जीते। इसे लेकर अब राज्य में भाजपा और कांग्रेस के बीच जुबानी जंग तेज हो गई है।

इस पर दिग्विजय सिंह ने मुख्यमंत्री शिवराज पर तंज कसते हुए कहा कि मामा के झोले की काली कमाई में एक और विधायक बिक गया। वहीं शिवराज ने कांग्रेस सांसद पर पलटवार करते हुए पूछा है कि क्या पूरी कांग्रेस ही बिकाऊ है। इसके अलावा पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ ने प्रदेश की जनता से लोकतंत्र व संविधान की रक्षा करने को कहा है।

वहीं मध्य प्रदेश में मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने दिग्विजय के बयान पर पलटवार करते हुए कहा, ‘कांग्रेस नेताओं को ये कहते हुए शर्म नहीं आती, क्या पूरी कांग्रेस ही बिकाऊ है। इतने वर्षों तक जो आपके साथ रहे, आपके साथ काम किया, आपने टिकट दिया और आज आप सबको बिकाऊ कह रहे हैं। सच बात ये है कि जब आपकी सरकार थी तो आपने पूरे प्रदेश को बेच दिया था।’

आपको बता दें कि राहुल लोधी के भाजपा में शामिल होने से पहले ही उनके बड़े भाई प्रद्युम्न सिंह लोधी ने भी कांग्रेस छोड़कर भाजपा का दामन थाम लिया था। ऐसे में पहले से ही राहुल लोधी के भाजपा में शामिल होने को लेकर अटकलों का बाजार गर्म था। जुलाई में राहुल लोधी के चचेरे भाई और प्रद्युम्न सिंह लोधी ने बड़ा मलहरा के विधायक पद से इस्तीफा देकर भाजपा का दामन थाम लिया था। अब वे बड़ा मलहरा से भाजपा के टिकट पर उपचुनाव लड़ रहे हैं। उस समय राहुल लोधी ने कहा था कि मैं कांग्रेस छोड़कर भाजपा में नहीं जाऊंगा। लेकिन आज वे विधायक पद छोड़कर भाजपा में शामिल हो गए हैं।

Exit mobile version