News Room Post

Mulayam On UP Politics: ‘यूपी में भाजपा और सपा के बीच लड़ाई…’ 2024 के चुनाव को लेकर सक्रिय हुए मुलायम सिंह, समझिए क्या है बयान का मतलब

mulayam singh

Uttar Pradesh: हाल ही में उत्तर प्रदेश समेत देश के पांच राज्यों में विधानसभा चुनाव हुए थे। इन चुनावों में पंजाब को छोड़ दें तो बाकी चार राज्यों में भारतीय जनता पार्टी के हाथ कामयाबी लगी थी। उत्तर प्रदेश (Uttar Pradesh)में भी योगी सरकार की वापसी हुई। हालांकि इस बार यूपी में समाजवादी पार्टी (Samajwadi Party) ने भी भाजपा को कड़ी टक्कर दी। भले ही इस चुनाव में जीत भाजपा को मिली लेकिन सपा अब आगामी 2024 को चुनाव को लेकर खुद को तैयार करने में जुट गई है। इस बीच अब सपा संरक्षक और अखिलेश यादव के पिता मुलायम सिंह यादव ने राजनीतिक सक्रियता फिर बढ़ानी शुरू कर दी है।

बीते दिन शुक्रवार को मुलायम सिंह सपा कार्यालय पहुंचे। यहां अखिलेश यादव की मौजूदगी में मुलायम सिंह ने कार्यकर्ताओं के साथ संवाद करके उनमें जोश भरने की कोशिश की। कार्यकर्ताओं से सीधा संवाद करते हुए मुलायम ने कहा, ‘हम लोग गरीबों, किसानों, भूमिहीनों की बात करते हैं। सभी जातियों के साथ हमारा एक जैसा सम्मानजनक व्यवहार रहता है। सपा की चर्चा पूरी दुनिया में है। इसके बाद भी सपा के बारे में कुछ टिप्पणियां की जा रही हैं। ऐसे में आपकी जिम्मेदारी बहुत बढ़ गई है। लोगों ने विश्वास किया है तो इस विश्वास पर हम अडिग होकर काम करेंगे।’

इसके आगे मुलायम सिंह ने कहा, ‘प्रदेश में अब लड़ाई भाजपा और सपा के बीच ही है। इसका कारण है हाल ही में हुए यूपी चुनाव 2022 के नतीजे। चुनाव में भाजपा और सपा ने करीब दो-तिहाई वोट अपनी झोली में हासिल किए थे।’

मुलायम सिंह का सपा बनाम भाजपा का ये बयान ऐसे वक्त में आया है जब अखिलेश के नेतृत्व को लेकर सवाल उठ रहे हैं। प्रगतिशील समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष शिवपाल यादव सपा की नीतियों और सक्रियता पर सवालिया निशान लगा रहे हैं। आजम खान का असंतोष भी सीतापुर जेल से निकलकर लखनऊ की राजनीति को लगातार हवा दे रहा है। यही कारण है कि मुलायम सिंह इसे अपनी तरह से कार्यकर्ताओं को समझाते दिख रहे हैं।

Exit mobile version