News Room Post

Sambhal Shahi Jama Masjid Row: संभल की शाही जामा मस्जिद को लेकर फिर विवाद, मुस्लिम पक्ष पहुंचा कोर्ट तो हिंदुओं ने लगाया ये आरोप

Sambhal Shahi Jama Masjid Row: संभल की शाही जामा मस्जिद के मसले पर एएसआई ने सुनवाई के दौरान इलाहाबाद हाईकोर्ट में ये कहा था कि लंबे अर्से से उसके पुरातत्वविदों को भीतर नहीं घुसने दिया जा रहा। जबकि, ये मस्जिद एएसआई की ओर से ही संरक्षित स्मारक है। हिंदुओं का दावा है कि जिस जगह शाही जामा मस्जिद है, वहां पहले भगवान विष्णु के कल्कि अवतार का मंदिर था। जिसे मुगल बादशाह बाबर के निर्देश पर ध्वस्त कर शाही जामा मस्जिद बनवाई गई थी। मुस्लिम पक्ष इसे गलत बताता है।

संभल। संभल की शाही जामा मस्जिद के मसले पर एक बार फिर विवाद शुरू हो गया है। मुस्लिम पक्ष संभल की शाही जामा मस्जिद की रंगाई और पुताई कराना चाहता है। इसके लिए संभल के जिला प्रशासन से मंजूरी मांगी गई थी। संभल के जिला प्रशासन ने ये कहते हुए शाही जामा मस्जिद की रंगाई-पुताई की मंजूरी नहीं दी कि ये एएसआई की ओर से संरक्षित है। संभल के जिला प्रशासन के मुताबिक शाही जामा मस्जिद की रंगाई और पुताई के बारे में एएसआई ही फैसला ले सकता है। प्रशासन के इस कदम के बाद मुस्लिम पक्ष ने इलाहाबाद हाईकोर्ट में याचिका दाखिल की है। वहीं, हिंदू पक्ष का कहना है कि रंगाई-पुताई के नाम पर फिर संभल में दंगा भड़काने की साजिश है।

हिंदूवादी संगठन सनातन सेवक संघ ने शाही जामा मस्जिद में रंगाई-पुताई की मांग के खिलाफ प्रदर्शन भी किया है। सनातन सेवक संघ का कहना है कि संभल की शाही जामा मस्जिद में फिर रंगाई-पुताई हुई, तो विवाद और बढ़ेगा। संगठन ने पूछा है कि फिर इसकी जिम्मेदारी एएसआई लेगा या नहीं। हिंदूवादी संगठन का आरोप है कि शाही जामा मस्जिद में काम शुरू कराने की वजह कुछ और है। अब सबकी नजर इलाहाबाद हाईकोर्ट पर टिकी है कि वो संभल की शाही जामा मस्जिद में रंगाई और पुताई के बारे में क्या फैसला देता है। बता दें कि संभल की शाही जामा मस्जिद के मसले पर एएसआई ने सुनवाई के दौरान इलाहाबाद हाईकोर्ट में ये कहा था कि लंबे अर्से से उसके पुरातत्वविदों को भीतर नहीं घुसने दिया जा रहा। जबकि, ये मस्जिद एएसआई की ओर से ही संरक्षित स्मारक है।

संभल की शाही जामा मस्जिद का कोर्ट कमिश्नर ने सर्वे आदेश दिया था। सर्वे के दौरान नवंबर 2024 में यहां हिंसा हुई थी। हिंसा में 4 लोगों की जान भी गई थी। संभल में हिंसा के मामले में पुलिस ने अब तक 50 आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेजा है। एक आरोपी के हवाले से पुलिस ने दावा किया है कि दंगाइयों का इरादा हिंदू पक्ष के वकील विष्णु शंकर जैन की जान लेने की भी थी। संभल में हिंसा के बाद पुलिस ने जब छानबीन की थी, तब नालियों से पाकिस्तान और अमेरिका में बने कारतूस भी बरामद हुए थे। पुलिस का दावा है कि दुबई में बैठे एक अपराधी ने ये कारतूस संभल के दंगाइयों को सप्लाई किए थे।

Exit mobile version