News Room Post

Babita Phogat Vs Sakshi Malik: पहलवानों के मसले पर बबीता फोगाट ने फिर साधा साक्षी मलिक पर निशाना, Video में बताया कांग्रेस की कठपुतली

babita phogat and sakshi malik

नई दिल्ली। बीजेपी सांसद और भारतीय कुश्ती संघ के पूर्व अध्यक्ष बृजभूषण शरण सिंह पर यौन शोषण का आरोप लगाने वाले पहलवान बजरंग पुनिया और विनेश फोगाट तो एशियाई खेलों के लिए सोनीपत में प्रैक्टिस कर रहे हैं। वहीं, विनेश की बहन और बीजेपी की नेता बबीता फोगाट ने एक बार फिर ताजा वीडियो जारी कर आंदोलनकारी पहलवानों में शामिल रहीं साक्षी मलिक पर हमला बोला है। बबीता फोगाट ने वीडियो में आरोप लगाया कि साक्षी मलिक ने जंतर-मंतर पर पहलवानों के धरने में कांग्रेस की कठपुतली की तरह काम किया। इसके अलावा भी बबीता ने साक्षी मलिक पर आरोपों की बौछार की। इससे पहले भी बबीता ने साक्षी मलिक के वीडियो के जवाब में अपना वीडियो जारी किया था।

बबीता फोगाट ने अपने ताजा वीडियो में कांग्रेस के नेता दीपेंद्र हुड्डा पर भी आरोप लगाए हैं। बबीता ने सवाल उठाया कि दीपेंद्र हुड्डा जब हरियाणा कांग्रेस के अध्यक्ष थे, तब उन्होंने कितनी महिला पहलवानों को न्याय दिलाया। बबीता ने अपने वीडियो में कहा कि वो बीजेपी के साथ हैं और रहेंगी। उन्होंने कहा कि देश की न्याय व्यवस्था पर उनको पूरा भरोसा है। बबीता ने दावा किया कि जल्दी ही पहलवानों के मसले पर दूध का दूध और पानी का पानी होगा। बबीता फोगाट ने ये भी साफ कर दिया कि खुद पहलवान होने के नाते वो हमेशा आंदोलनकारी पहलवानों के मसलों पर साथ खड़ी हैं। वीडियो में सुनिए बबीता फोगाट ने क्या कहा।

इससे पहले साक्षी मलिक और उनके पति ने एक वीडियो कुछ दिन पहले जारी किया था। इस वीडियो में साक्षी मलिक ने दावा किया था कि दिल्ली में जंतर-मंतर पर उनके धरने को बबीता फोगाट ने मंजूरी दिलाई थी। साक्षी मलिक के इस दावे के बाद बबीता ने भी ट्वीट कर जवाब दिया था। बबीता फोगाट ने साक्षी के दावे को गलत बताया था। बबीता फोगाट ने कहा था कि उन्होंने धरने के लिए मंजूरी दिलाई, तो इसमें उनके दस्तखत कहां हैं। बबीता ने साक्षी और उनके पति को खुद के माथे के लिए बिना वजह के लगा कलंक तक बता दिया था।

Exit mobile version