News Room Post

Deepotsav 2022: मेगा दीपोत्सव के लिए अयोध्या तैयार, PM मोदी की मौजूदगी में 17 लाख दीयों से जगमगाएगी रामनगरी

deepotsav1

अयोध्या। रामनगरी अयोध्या तैयार है। शाम का इंतजार है। सूरज के ढलने के साथ ही आज पूरी अयोध्या दीपमाला से जगमगा उठेगी। इस मौके पर पीएम नरेंद्र मोदी भी मौजूद रहेंगे। हर बार की तरह एक बार फिर दीपोत्सव में वर्ल्ड रिकॉर्ड बनेगा। 17 लाख दीये पवित्र सरयू नदी के तट पर रोशनी बिखेरेंगे। लेजर शो होगा। डिजिटल आतिशबाजी से आसमान को सतरंगी रोशनी से नहलाया जाएगा। यूपी की योगी आदित्यनाथ सरकार ने इस बार का दीपोत्सव खास अंदाज में मनाने की तैयारी की है। मान्यता है कि छोटी दिवाली को ही भगवान श्रीराम वनवास काटकर अपने भाई लक्ष्मण और माता सीता के साथ अयोध्या लौटे थे। तब यहां के लोगों ने घी के दीये जलाए थे।

साल 2017 में यूपी में बीजेपी की सरकार बनने के बाद से सीएम योगी ने अयोध्या में दीपोत्सव मनाना शुरू किया। हर साल यहां दीये जलाने का वर्ल्ड रिकॉर्ड बना। पिछली बार दीपोत्सव पर 12 लाख दीये जलाए गए थे। वहीं, साल 2020 में 5.5 लाख, 2019 में 5 लाख, 2018 में करीब 3 लाख और 2017 में 1.80 लाख दीयों से अयोध्या को जगमगाया गया था। इस बार दीपोत्सव की खास बात ये भी है कि श्रीराम जन्मभूमि में रामलला और उनके भाइयों की मूर्तियों के सामने 5 दीये जलाए जाएंगे। ये दीये पंचतत्व का प्रतीक होंगे। दीपोत्सव पर सजावट के लिए 6 क्विंटल फूल मंगाए गए हैं। इसके अलावा रामलला के मंदिर की सजावट 40 क्विंटल फूलों से की जाएगी।

पीएम मोदी पहली बार दीपोत्सव में हिस्सा लेंगे। वो आज शाम अयोध्या पहुंचेंगे। जिसके बाद 4.55 बजे सबसे पहले रामलला के दर्शन और उनकी पूजा करेंगे। इसके बाद शाम को 5.05 बजे वो राममंदिर निर्माण का जायजा लेंगे। इसके बाद मोदी शाम 5.40 बजे भगवान राम के राज्याभिषेक समारोह का हिस्सा बनेंगे। शाम 6.25 बजे वो पवित्र सरयू नदी की आरती उतारेंगे। उसके बाद 6.40 बजे दीपोत्सव में दीपदान के बाद शाम 7.25 बजे डिजिटल फायरवर्क्स और लेजर शो भी देखेंगे।

Exit mobile version