News Room Post

Delhi Police: दिल्ली में अवैध बांग्लादेशी और रोहिंग्या प्रवासियों के खिलाफ पुलिस का अभियान तेज, दस्तावेजों की हो रही जांच

Delhi Police: सूत्रों के अनुसार, यमुना बाजार, बवाना, जहांगीरपुरी, अलीगांव, सराय रोहिल्ला, सोनिया विहार, विकासपुरी, भलस्वा डेयरी और कालिंदी कुंज सहित कई इलाकों में बड़ी संख्या में रोहिंग्या और बांग्लादेशी प्रवासी रहते हैं। इन क्षेत्रों में पुलिस द्वारा दस्तावेज जांच का अभियान लगातार चलाया जा रहा है।

rohingya

नई दिल्ली। राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में अवैध तरीके से रह रहे बांग्लादेशी और रोहिंग्या प्रवासियों के खिलाफ दिल्ली पुलिस ने विशेष अभियान शुरू किया है। यह अभियान शाहीन बाग के कालिंदी कुंज और पूर्वी दिल्ली के सीमापुरी सहित कई इलाकों में चलाया जा रहा है। इस दौरान पुलिस स्थानीय निवासियों के दस्तावेजों की जांच कर रही है ताकि अवैध प्रवासियों की पहचान की जा सके।

सीमापुरी में 32 अवैध बांग्लादेशी चिन्हित

सीमापुरी इलाके में शुरुआती पूछताछ के दौरान 32 ऐसे लोगों की पहचान की गई है, जो अवैध बांग्लादेशी प्रवासी बताए जा रहे हैं। इनमें से कई लोगों के पास आधार कार्ड जैसे दस्तावेज भी पाए गए हैं। दिल्ली के उपराज्यपाल वी.के. सक्सेना ने पुलिस को आदेश दिया है कि वह दो महीने का विशेष अभियान चलाकर ऐसे लोगों की पहचान करें और उनके खिलाफ कानूनी कार्रवाई करें।

झुग्गी बस्तियों में रोहिंग्या और बांग्लादेशी प्रवासियों की मौजूदगी

सूत्रों के अनुसार, यमुना बाजार, बवाना, जहांगीरपुरी, अलीगांव, सराय रोहिल्ला, सोनिया विहार, विकासपुरी, भलस्वा डेयरी और कालिंदी कुंज सहित कई इलाकों में बड़ी संख्या में रोहिंग्या और बांग्लादेशी प्रवासी रहते हैं। इन क्षेत्रों में पुलिस द्वारा दस्तावेज जांच का अभियान लगातार चलाया जा रहा है।


स्थानीय लोगों ने जताया विरोध

सीमापुरी की झुग्गियों में रहने वाले लोगों ने पुलिस की इस जांच का विरोध किया। उनका कहना है कि वे पिछले 35-40 सालों से दिल्ली में रह रहे हैं और उनके पास सभी वैध दस्तावेज हैं। कुछ लोगों ने अपने आधार कार्ड दिखाते हुए खुद को बिहार के जहानाबाद का निवासी बताया।सीमापुरी के एसएचओ ने बताया कि “हम यहां रहने वाले लोगों के दस्तावेजों की जांच कर रहे हैं। हालांकि, इस दौरान कुछ लोगों ने विरोध किया है, लेकिन हमारा अभियान जारी रहेगा।”

आप ने लगाया बीजेपी पर चुनावी ड्रामा का आरोप

दिल्ली पुलिस के इस अभियान को आम आदमी पार्टी ने चुनावी राजनीति से जोड़ा है। आप नेता मनीष सिसोदिया ने आरोप लगाया कि बीजेपी रोहिंग्या मुद्दे पर केवल दिखावा कर रही है। उन्होंने कहा, “बीजेपी ही रोहिंग्या और बांग्लादेशियों को देश में लाई और बसाया। अब चुनाव के समय यह सब नौटंकी की जा रही है।”


चुनाव से पहले बढ़ेगी राजनीतिक सरगर्मी

दिल्ली में इस अभियान के चलते राजनीतिक माहौल गरमाया हुआ है। जहां एक तरफ पुलिस इसे कानून व्यवस्था बनाए रखने की कवायद बता रही है, वहीं विपक्ष इसे चुनाव से जोड़कर देख रहा है। ऐसे में आगामी दिनों में यह मुद्दा और भी चर्चा का केंद्र बन सकता है।

Exit mobile version