News Room Post

Nature’s Fury: हिमाचल और पंजाब समेत 6 राज्यों में बारिश और बाढ़ का कहर, 30 से ज्यादा की मौत, 17 लापता

natures fury 1

नई दिल्ली। देश के कई राज्यों में भारी बारिश, बाढ़ और जमीन खिसकने की घटनाओं में 30 से ज्यादा लोगों की मौत हो गई है। इन आपदा की चपेट में आए 17 लोग लापता है। सबसे ज्यादा मौतें उत्तर में पहाड़ी राज्य हिमाचल प्रदेश में हुई हैं। यहां के मंडी, कांगड़ा और चंबा में सबसे ज्यादा कुदरत ने कहर बरपाया है। ताजा जानकारी के मुताबिक हिमाचल में 22 लोगों ने जान गंवाई है। वहीं, उत्तराखंड में 4 लोगों की जान गई है। ओडिशा में भी 4, जम्मू-कश्मीर में 2 और झारखंड में 1 व्यक्ति की मौत बारिश जैसी आपदा के कारण होने की खबर है।

हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड, जम्मू-कश्मीर, ओडिशा और कुछ अन्य राज्यों में आज से लेकर अगले कुछ दिन तक भारी बारिश का अनुमान मौसम विभाग ने लगाया है। हिमाचल के डी में बादल फटने और जमीन खिसकने से 16 लोगों की जान चली गई। थुनाग में बादल फटने से 31 मकान, 60 दुकान, 26 गोशाला और एक पुल पूरी तरह नष्ट हो गए। चंबा में मलबा घर पर गिरने से दंपति और उनके बेटे की जान चली गई। सबसे दर्दनाक घटना नाचन के झड़ोंन गांव में हुई। यहां आपदा की वजह से एक ही परिवार के 8 लोगों को अपनी जान गंवानी पड़ी। हिमाचल के पड़ोसी राज्य पंजाब के होशियारपुर, गुरदासपुर, पठानकोट, मुकेरियां, दसूहा, जवाली, इंदौरा, नूरपुर, फतेहपुर, हाजीपुर और तलवाड़ा में लोगों को अलर्ट किया गया है कि शाह नहर बैराज और ब्यास नदी से पानी छोड़ा जा सकता है।

उत्तराखंड की बात करें, तो यहां प्राकृतिक आपदा से 12 लोग घायल हुए हैं और इतने ही लापता हैं। हेलीकॉप्टर से कई लोगों को बचाया गया। कई गांवों की सड़कें और संपर्क मार्ग टूट गए हैं। कई जगह भूस्खलन से 3 नेशनल हाइवे समेत 250 सड़कें बंद पड़ी हैं। जम्मू-कश्मीर से मिली जानकारी के मुताबिक उधमपुर जिले के टिकरी में मकान पर पहाड़ से चट्टानें और मिट्टी आकर गिरी। इससे दो बच्चों की मौत हो गई। जबकि, भूस्खलन से उधमपुर से पंचैरी जाने वाली सड़क और मोंगरी मार्ग भी बंद हो गया। सभी जगह राहत और बचाव के काम किए जा रहे हैं।

Exit mobile version