News Room Post

PM Narendra Modi : 1962 की जंग का जिक्र कर पीएम मोदी बोले, कांग्रेस सोचती है आर्मी के कारण ही नेहरू बदनाम हुए, इसलिए सेना से है नफरत

नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने पूर्व प्रधानमंत्री जवाहर लाल नेहरू और 1962 के भारत-चीन युद्ध का जिक्र करते हुए कांग्रेस को लेकर बड़ी बात कही। प्रधानमंत्री ने कहा कि कांग्रेस का ऐसा मानना है कि 1962 की लड़ाई को लेकर नेहरू जी पर विफलता का जो कलंक लगा उसका कारण कांग्रेस सेना को मानती है और तभी से कहीं न कहीं कांग्रेस के मन में यह है कि सेना के कारण ही नेहरू जी की बदनामी हुई और कांग्रेस के मन में तब से सेना के प्रति नफरत है।

आजतक न्यूज चैनल को दिए इंटरव्यू में पीएम ने कहा कि सर्जिकल स्ट्राइक की चर्चा तो बहुत होती थी, कांग्रेस नेता देश के सेनाध्यक्ष को गली का गुंडा कहते हैं। अपने कार्यकाल में सेना को दुर्बल बनाने के लिए वो जो कर सकते थे उन्होंने किया। आरक्षण पर बात करते हुए नरेंद्र मोदी ने कहा कि संविधान के धोखा गांधी परिवार ने किया है। सबसे पहले संविधान पंडित नेहरू ने बदला। फिर उनकी बेटी इंदिरा गांधी ने आपातकाल लगा दिया। संविधान के धोखा उन्होंने किया। उसके बाद राजीव गांधी ने भारत की मीडिया को कंट्रोल करना चाहा और उसके लिए बिल लाए। मीडिया और देश के विपक्ष ने हो हल्ला किया तो यह नहीं हो सका। अब उनके बेटे शहजादे ने कैबिनेट के निर्णय के प्रपत्र को फाड़ दिया। उन्होंने कागज का टुकड़ा नहीं फाड़ा, उन्होंने भारत के संविधान निर्माताओं की भावनाओं को चूर-चूर किया। मोदी ने कहा कि एससी-एसटी और ओबीसी के आरक्षण को बीजेपी कभी खत्म नहीं करेगी और न ही कभी धर्म के आधार पर आरक्षण लागू होने देगी।

मोदी ने कल्कि धाम के पीठाधीश्वर आचार्य प्रमोद कृष्णम के बयान का जिक्र करते हुए कहा कि राहुल गांधी की मंशा राम मंदिर के फैसले को पलटने की है और ये दावा उनके ही एक पूर्व सहयोगी ने किया है। जिस प्रकार राजीव गांधी ने शाह बानो केस में सुप्रीम कोर्ट का फैसला बदल दिया अब उनके शहजादे अपने वोट बैंक के लिए राम मंदिर का फैसला पलटना चाहते हैं।

Exit mobile version