News Room Post

China: मोदी सरकार के प्रयासों का नतीजा, चीन में मालवाहक जहाज पर फंसे भारतीय नाविक 14 जनवरी को लौटेंगे देश

Mansukh Mandavia with cargo ship MV Jag Anand

नई दिल्ली। कुछ दिनों पहले ये खबर आई थी कि चीन में कई महीनों से 23 भारतीय सदस्यों के साथ मालवाहक जहाज एमवी जग आनंद चीन के बंदरगाह पर फंसा हुआ है। इसको लेकर केंद्र सरकार की तरफ से लगातार हरसंभव कोशिश जारी थी कि इस मालवाहक जहाज और इस पर फंसे लोगों को वापस देश लाया जा सके। अब खबर आ रही है कि मोदी सरकार के प्रयासों की वजह से इन लोगों के भारत वापस आने का रास्ता साफ हो गया है। बता दें कि चीन में प्रशासन की तरफ से कोविड-19 प्रोटोकॉल की वजह से कई तरह के प्रतिबंध लगाए गए थे। इसी वजह से इन बंदरगाहों पर चालक दल में बदलाव की एनुमति नहीं दी गई थी और वहां जाकर भारत का मालवाहक जहाज एमवी जग आनंद फंस गया। जिसमें 23 भारतीय नाविक थे। तब से वह वहीं थे और इन्हें देश वापस लाने के लिए बातचीत की जा रही थी।

आपको बता दें कि चीन में सात महीने से एक नहीं दो भारतीय मालवाहक विमान फंसे हुए हैं। दोनों में कुल 39 भारतीय नाविक सवार थे जो सात महीने से चीन के बंदरगाह पर ही फंसे हुए हैं। इन्हें वहां अपना सामान उतारने की इजाजत नहीं दी गई। जबकि कुछ अन्य जहाज ऐसा करने में सफल रहे। हालांकि चीन ने भारत के फंसे नाविकों को लेकर हाल ही में कहा था कि भारत एवं ऑस्ट्रेलिया के साथ तनावपूर्ण संबंधों का और यहां फंसे भारतीयों नाविकों का आपस में कोई लेना-देना नहीं है।

इसके साथ ही मालवाहक पोत एमवी जग आनंद के अलावा एक और एक अन्य पोत एमवी अनासतासिया भी चीन के कोओफिदियन बंदरगाह पर फंसा हुआ है जिसमें 16 भारतीय नागरिक चालक दल के रूप में हैं। इन्हें भी जल्द सुरक्षित वापस निकालने की भारत सरकार के द्वारा तैयारी की जा रही है। इस मुद्दे का भी जल्द समाधान निकालने के लिए चीनी प्रशासन के साथ भारतीय उच्चायोग लगातार संपर्क में है।

भारत ने चीन में फंसे इन 39 भारतीय नाविकों को निकालने के लिए पड़ोसी देश के साथ राजनयिक स्तर पर बातचीत जारी रखी थी। इसी का नतीजा है कि भारत के अब सभी नागरिक अपने देश वापस आने की तैयारी कर रहे हैं। आपको बता दें कि भारत सरकार के पत्तन, पोत परिवहन और जलमार्ग मंत्री मनसुख मंडाविया ने इस बात की जानकारी आज अपने सोशल मीडिया अकाउंट के जरिए दी। जिसमें उन्होंने लिखा कि चीन में फंसे हमारे नाविक भारत वापस आ रहे हैं! जहाज एम वी जग आनंद, जिनके पास 23 भारतीय चालक दल हैं, चीन में फंसे हुए हैं, वे चालक दल के परिवर्तन के लिए चिबा, जापान की ओर रवाना हो रहे हैं, 14 जनवरी को वह भारत पहुंचेंगे। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मजबूत नेतृत्व के कारण ही ऐसा हो सका है। इसके बाद उन्होंने इस मामले में एक और अपडेट डालते हुए लिखा कि नाविक 14 जनवरी को चिबा पोर्ट, जापान पहुंचेंगे और COVID प्रोटोकॉल से संबंधित उचित प्रक्रिया का पालन करने के बाद, वे वापस भारत के लिए उड़ान भरेंगे। उन्होंने इस मामले में जानकारी देते हुए लिखा कि पहले जापान में इसका क्रू बदला जाएगा और 14 जनवरी को भारतीय सदस्य लौट आएंगे।

Exit mobile version