नई दिल्ली। बीते दिनों राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) के प्रमुख मोहन भागवत ने रिटायरमेंट के बारे में कहा था कि 75 साल की उम्र होने पर खुद की जगह नए लोगों को मौका देना चाहिए। इसके बाद ये चर्चा चली कि इस साल सितंबर में मोहन भागवत और पीएम नरेंद्र मोदी अपने कामकाज से फुर्सत पा लेंगे। वहीं, अब मोदी सरकार में वरिष्ठ मंत्री और बीजेपी के पूर्व अध्यक्ष नितिन गडकरी ने रिटायरमेंट के बारे में जो कहा है, वो मोहन भागवत की राय से मेल खाता नहीं दिख रहा। नितिन गडकरी ने रिटायरमेंट के सवाल पर बताया कि वो कब तक काम करना चाहेंगे।
इंडिया टुडे के पॉडकॉस्ट में नितिन गडकरी से ये सवाल पूछा गया कि वो कब रिटायर होंगे। इस पर नितिन गडकरी ने कहा कि पिछले कुछ साल में उन्होंने जो किया, वो 25 साल में नहीं कर सके। नितिन गडकरी ने हंसते हुए कहा कि उनके पास रिटायरमेंट की कोई तारीख नहीं है। गडकरी ने कहा कि वो जब तक फिट हैं काम करते रहेंगे। मोदी सरकार के वरिष्ठ मंत्री ने कहा कि वो अव्यवस्थित हैं और अनुशासन में भी नहीं रहते। नितिन गडकरी ने रिटायरमेंट के बारे में ये भी कहा कि वो लंबे समय के लिए योजना नहीं बनाते। उन्होंने ये भी बताया कि सादा जीवन जीते हैं और परिवार के साथ लुत्फ उठाते हैं। उन्होंने और क्या कहा, ये भी सुनिए।
Should one retire from politics at the age of 75? Listen to what Union Minister Nitin Gadkari has to say#UnPolitics #NitinGadkari | @PreetiChoudhry pic.twitter.com/fyCbZY5q4N
— IndiaToday (@IndiaToday) July 11, 2025
नितिन गडकरी ने ये भी साफ किया कि उनको किसी पद की चाहत नहीं है। गडकरी ने कहा कि ताकत की जगह विकास उनका लक्ष्य है। उन्होंने हर रोज 100 किलोमीटर हाइवे बनाने के सवाल पर कहा कि हर असंभव में एक संभव छिपा होता है। नितिन गडकरी अभी 67 साल के हैं। उनको मोदी सरकार ने हाइवे और परिवहन दे रखा है। अपने कामकाज से नितिन गडकरी ने लोगों पर गहरी छाप छोड़ी है। नितिन गडकरी ने देश के तमाम हाइवे को चमकाया है। साथ ही दिल्ली से मुंबई तक एक्सप्रेस-वे का अभिनव प्लान भी उनकी ही दिमाग की उपज है। नितिन गडकरी के कामकाज की विपक्षी नेता भी समय-समय पर तारीफ करते रहे हैं।