News Room Post

दिल्ली में एक बार फिर अफवाहों का बाजार गर्म, अफरा-तफरी के बाद कुछ देर के लिए 7 मेट्रो स्टेशन बंद

नई दिल्ली। दिल्ली के तिलक नगर, हरि नगर, ख्याला सहित कुछ इलाकों में हिंसा की अफवाह के बाद अफरा-तफरी मच गई है। दुकानें बंद हो रही हैं और लोग इधर-ऊधर भाग रहे हैं। इस बीच तिलक नगर के अलावा नांगलोई, सूरजमल स्टेडियम, बदरपुर, तुगलकाबाद, उत्तम नगर वेस्ट और नवादा मेट्रो स्टेशन को बंद कर दिया गया है।

ट्विटर पर भी तिलक नगर ट्रेंड कर रहा है। इस बीच दिल्ली पुलिस ने इसे अफवाह बताते हुए लोगों से शांति बनाए रखने की अपील की है। पुलिस ने कहा है कि कुछ अराजक तत्व अफवाह फैला रहे हैं।


डीसीपी वेस्ट ने अफवाह को सबसे बड़ा दुश्मन बताया है। उनकी ओर से ट्वीट करके कहा गया है कि ख्याला, रघुबीर नगर टेंशन की अफवाह है, इसके पीछे कोई सच्चाई नहीं है। स्थिति पूरी तरह सामान्य और शांतिपूर्ण है। सभी से शांति बनाए रखने की अपील की जाती है। साउथ ईस्ट डीसीपी ने भी कहा है कि आ रहे सभी कॉल्स की जांच की गई है। कहीं कोई घटना नहीं हुई है। केवल अफवाह है। ऐसी चीजों से दूर रहें।


वहीं रोहिणी इलाके में भी देर शाम उपद्रव की खबर फैल गई। लेकिन बाद में पुलिस ने इन सभी खबरों को अफवाह बताया और लोगों से शांति बनाए रखने की अपील की है।

सूत्रों के मुताबिक ख्याला में पुलिस की सटोरियों पर रेड हुई थी, जिसमें गोली चल गई। पुलिस वाले सिविल ड्रेस में थे। इसी चक्कर में लोगों ने पुलिस को और सटोरियों को हिंसा करने वाला समझ लिया और अफवाह फैलती चली गई।

तिलक नगर के आम आदमी पार्टी के विधायक जरनैल सिंह ने फेसबुक लाइव के जरिए बताया कि इलाके में हिंसा की कोई घटना नहीं हुई है। किसी ने अफवाह फैला दी है। अफरा-तफरी मच गई है। उधर, बीजेपी नेता तेजिंदर पाल सिंह बग्गा ने भी लोगों से इस अफवाह पर ध्यान नहीं देने की अपील की है। उन्होंने कहा कि उनकी तिलक नगर एसएचओ से बात हुई है और यह सिर्फ अफवाह है।

Exit mobile version