News Room Post

UP: ओमप्रकाश राजभर ने फिर साधा अखिलेश यादव पर निशाना, बोले- गठबंधन पर वह फैसला करें, हम तो….

akhilesh yadav and op rajbhar

बलिया। समाजवादी पार्टी (सपा) के गठबंधन में शामिल सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी (सुभासपा) के चीफ ओमप्रकाश राजभर ने एक बार फिर सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव पर निशाना साधा है। यूपी के बलिया में राजभर ने शनिवार को कहा कि हम तलाक नहीं दे सकते। कमजोर कभी तलाक नहीं दे सकता। उन्होंने कहा कि फिलहाल हम गठबंधन धर्म पर हैं। अगर अखिलेश जी गठबंधन तोड़ेंगे, तभी नया गठबंधन बनाएंगे। उन्होंने कहा कि राष्ट्रपति चुनाव के लिए अखिलेश जी की अगुवाई में विपक्षी प्रत्याशी यशवंत सिन्हा के लिए लोग जोर लगा रहे हैं, लेकिन द्रौपदी मुर्मू ने हमसे समर्थन की अपील की है। ओमप्रकाश राजभर ने ये आरोप भी लगाया कि अखिलेश यादव ने जयंत चौधरी को प्रेस कॉन्फ्रेंस में बुलाया, लेकिन उन्हें इस बारे में कोई जानकारी नहीं दी।

ओमप्रकाश राजभर पिछले काफी समय से अखिलेश यादव से नाराज चल रहे हैं। पहले उन्होंने कहा था कि अखिलेश यादव को एसी कमरे की आदत पड़ गई है। आजमगढ़ लोकसभा उप चुनाव में सपा के उम्मीदवार और अखिलेश के चचेरे भाई धर्मेंद्र यादव की हार के बाद भी राजभर ने कहा था कि वो अपने 300 लोगों के साथ प्रचार करते रहे, लेकिन अखिलेश यादव आजमगढ़ नहीं पहुंचे। उन्होंने इसी वजह से सपा की पराजय की बात भी कही थी। वहीं, शुक्रवार को राजभर भी सीएम योगी के सरकारी आवास पहुंचे थे। वहां योगी ने द्रौपदी मुर्मू के सम्मान में रात्रिभोज दिया था।

योगी के आवास पर रात्रिभोज के बाद मीडिया से बात करते हुए यूपी के दबंग विधायकों में शुमार रघुराज प्रताप सिंह उर्फ राजा भैया ने दावा किया था कि ओमप्रकाश राजभर ने द्रौपदी मुर्मू को समर्थन देने की बात कही है, लेकिन अब राजभर ने इस बारे में पूछे जाने पर कहा कि अभी तय नहीं है और एक-दो दिन में वो स्थिति स्पष्ट कर देंगे। हालांकि, उनके रवैये से लग रहा था कि सुभासपा की ओर से एनडीए उम्मीदवार मुर्मू को वोट दिया जा सकता है।

Exit mobile version