News Room Post

Rajiv Gandhi Birth Anniversary: राजीव गांधी की आज जयंती, दिल्ली में सोनिया-प्रियंका तो लद्दाख में राहुल गांधी ने दी श्रद्धांजलि

पूर्व प्रधानमंत्री राजीव गांधी की आज जयंती है। इस मौके को कांग्रेस सदभावना दिवस के तौर पर मनाती है। राजीव गांधी की जयंती पर उनकी पत्नी और कांग्रेस की पूर्व अध्यक्ष सोनिया गांधी, बेटे राहुल गांधी समेत तमाम कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं ने श्रद्धांजलि दी है। खास बात ये कि पहली बार राहुल ने दिल्ली से दूर पिता को याद किया।

Rajiv Gandhi

नई दिल्ली/लेह। पूर्व प्रधानमंत्री राजीव गांधी की आज जयंती है। इस मौके को कांग्रेस सदभावना दिवस के तौर पर मनाती है। राजीव गांधी की जयंती पर उनकी पत्नी और कांग्रेस की पूर्व अध्यक्ष सोनिया गांधी, बेटे राहुल गांधी समेत तमाम कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं ने श्रद्धांजलि दी है। सोनिया गांधी अपने पति राजीव गांधी की जयंती पर दिल्ली स्थित उनकी समाधि वीरभूमि पर गईं। वहां उन्होंने अपने पति को श्रद्धांजलि दी।

सोनिया गांधी के अलावा राजीव गांधी की बेटी प्रियंका गांधी वाड्रा, उनके पति रॉबर्ट वाड्रा और कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे भी वीरभूमि पहुंचे। वहां उन्होंने और कांग्रेस के तमाम और नेताओं के अलावा कार्यकर्ताओं ने भी राजीव गांधी को उनकी जयंती पर श्रद्धासुमन अर्पित किए।

राजीव गांधी के बेटे और कांग्रेस सांसद राहुल गांधी आजकल लद्दाख के दौरे पर हैं। राहुल गांधी शनिवार को बाइक राइडिंग कर लद्दाख के पैंगोंग सो झील पर पहुंचे थे। आज पैंगोंग सो झील के किनारे राहुल गांधी ने अपने पिता राजीव गांधी को उनकी जयंती पर श्रद्धांजलि दी।

राहुल गांधी ने अपने पिता की जयंती पर ट्विटर पर भावनाओं को पोस्ट भी किया। राहुल गांधी ने राजीव गांधी की आंखों में विकसित भारत के सपनों को याद किया और लिखा कि इन अनमोल यादों से आंखें छलकती हैं। राहुल गांधी ने ये भी लिखा कि वो हर भारतवासी के संघर्षों और सपनों को समझ रहे हैं और भारत मां की आवाज को सुन पा रहे हैं।

राहुल गांधी ने इससे पहले शनिवार को पैंगोंग सो लेक की यात्रा शुरू करने से पहले भी अपने पिता राजीव गांधी को याद किया था। राहुल गांधी ने लिखा था कि उनके पिता ने किस तरह इस खूबसूरत जगह का वर्णन किया था। खास बात ये है कि पहली बार पूर्व पीएम राजीव गांधी की जयंती को राहुल गांधी ने दिल्ली से दूर जाकर मनाया है।

Exit mobile version