News Room Post

Telangana: कांग्रेस को झटका, इस नेता ने छोड़ दी पार्टी, भाजपा में शामिल होने की संभावना

Congress Akbar Road HQ

नई दिल्ली। तेलंगाना में विपक्षी कांग्रेस को एक और करारा झटका लगा है। पूर्व विधायक और पार्टी के मेडचल मलकजगिरी के जिला अध्यक्ष के. श्रीशैलम गौड़ ने रविवार को कांग्रेस पार्टी से इस्तीफा दे दिया। अब वे भाजपा में शामिल होने जा रहे हैं। गौड़ ने कहा कि वह पार्टी के पदों और पार्टी की प्राथमिक सदस्यता से इस्तीफा दे रहे हैं। वे पिछले 6 सालों से राज्य में पार्टी की स्थिति को लेकर चिंतित थे। गौड़ ने कहा कि विपक्ष में होने के बावजूद कांग्रेस लोगों के मुद्दों को उठाने में विफल रही है।


इस्तीफा देने के बाद गौड़ कुछ भाजपा नेताओं के साथ नई दिल्ली के लिए रवाना हो गए। अब उनके भाजपा में शामिल होने की संभावना है क्योंकि पिछले कुछ दिनों से वे भाजपा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष डी.के.अरुण और राज्य में पार्टी अध्यक्ष बांदी संजय कुमार से संपर्क में थे। वह हाल ही में हुए ग्रेटर हैदराबाद नगर निगम (जीएचएमसी) के चुनावों में कांग्रेस के बुरे प्रदर्शन से भी निराश थे।


गौड़ कांग्रेस छोड़कर भाजपा में शामिल होने वाले दूसरे नेता हैं। इससे पहले दिग्गज अभिनेता और पूर्व सांसद विजयशांति ने दिसंबर 2020 में कांग्रेस छोड़कर भाजपा का दामन थाम लिया था। श्रीशैलम गौड़ ने 2009 में कांग्रेस से टिकट न मिलने पर कुथुबुल्लापुर विधानसभा क्षेत्र से निर्दलीय उम्मीदवार के तौर पर चुनाव लड़ा था। बाद में वह कांग्रेस के सहयोगी सदस्य बन गए थे। इसके बाद 2013 में वह वाईएसआर कांग्रेस पार्टी में शामिल हो गए थे लेकिन कुछ ही महीने बाद कांग्रेस में लौट आए थे। 2014 और 2018 में उन्होंने कांग्रेस के टिकट पर चुनाव लड़ा, लेकिन हार गए।

Exit mobile version