News Room Post

Himachal Congress Sukhu Govt: हिमाचल में सुखविंदर सिंह सुक्खू सरकार के लिए बीजेपी ने बढ़ाई मुसीबत, कांग्रेस ने बचाने के लिए डीके शिवकुमार और भूपेंद्र सिंह हुड्डा को लगाया

Himachal Congress Sukhu Govt: हिमाचल विधानसभा में 68 सीटें हैं। कांग्रेस के 40 और बीजेपी के 25 विधायक हैं। 3 निर्दलीय विधायक हैं। हिमाचल में बहुमत का आंकड़ा 35 का है। राज्यसभा चुनाव में बीजेपी ने 34 विधायक अपने पाले में दिखाकर ये साबित कर दिया है कि सुक्खू के खिलाफ मूड बना हुआ है।

शिमला। राज्यसभा चुनाव में कांग्रेस के उम्मीदवार अभिषेक मनु सिंघवी हिमाचल प्रदेश से हार गए। अभिषेक मनु सिंघवी को बीजेपी के हर्ष महाजन ने टाई में हराकर राज्यसभा सीट जीत ली। दोनों को ही 34-34 वोट मिले थे और सिंघवी की हार से अब हिमाचल प्रदेश की सुखविंदर सिंह सुक्खू सरकार पर संकट गहरा गया है। कांग्रेस के पाले से 6 विधायकों के वोट छिटकने के बाद अब बीजेपी का इरादा सुक्खू सरकार के खिलाफ अविश्वास प्रस्ताव लाने का है। अगर ये 6 विधायक बीजेपी के अविश्वास प्रस्ताव के साथ खड़े हो गए, तो सुक्खू सरकार के लिए बचने का रास्ता नहीं मिलेगा। वहीं, मीडिया रिपोर्टों में सूत्रों के हवाले से ये दावा भी किया जा रहा है कि कांग्रेस के 26 विधायक सीएम सुखविंदर सिंह सुक्खू से नाराज हैं। ये विधायक सुक्खू को सीएम पद से हटाकर किसी और को बिठाना चाहते हैं। अगर ये खबर सच है, तो हिमाचल की कांग्रेस सरकार पर बड़ा खतरा मंडराता दिख रहा है।

डीके शिवकुमार और भूपेंद्र सिंह हुड्डा बचा सकेंगे सुक्खू की सरकार?

इस बीच, हिमाचल प्रदेश में सुखविंदर सिंह सुक्खू सरकार पर मंडरा रहे संकट को टालने के लिए कांग्रेस आलाकमान ने भी हाथ-पैर मारने शुरू कर दिए हैं। कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने कर्नाटक के डिप्टी सीएम डीके शिवकुमार और हरियाणा के पूर्व सीएम भूपेंद्र सिंह हुड्डा को शिमला जाकर हिमाचल के नाराज कांग्रेस विधायकों को मनाने का जिम्मा सौंपा है। अगर ये नेता अपने इस मिशन में सफल हुए, तो हिमाचल की कांग्रेस सरकार बच सकती है। माना जा रहा है कि कांग्रेस अपनी सरकार बचाने की खातिर सीएम पद से सुखविंदर सिंह सुक्खू को हटा भी सकती है।

हिमाचल प्रदेश की विधानसभा में 68 सीटें हैं। इनमें से कांग्रेस के 40 और बीजेपी के 25 विधायक हैं। 3 निर्दलीय विधायक भी हैं। हिमाचल प्रदेश में बहुमत का आंकड़ा 35 का है। वहीं, राज्यसभा चुनाव में बीजेपी ने 34 विधायक अपने पाले में दिखाकर ये साबित कर दिया है कि सुक्खू के खिलाफ मूड बना हुआ है। राज्यसभा चुनाव जीतने के बाद बीजेपी के हर्ष महाजन ने तो बाकायदा ये एलान भी कर दिया है कि एक हफ्ते में सुखविंदर सिंह सुक्खू की सरकार गिर जाएगी। अब सबकी नजर इस पर है कि हर्ष महाजन का दावा सही होता है या कांग्रेस अपनी सरकार बचाने में कामयाब हो जाती है।

Exit mobile version