News Room Post

Uttar Pradesh: ‘मिशन शक्ति’ के तहत सीएम योगी आदित्यनाथ ने किया प्रदेश के सभी थानों में महिला हेल्प डेस्क का शुभारंभ

Yogi Adityanath

लखनऊ। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शुक्रवार को यहां अपने सरकारी आवास पर ‘मिशन शक्ति’ अभियान के तहत प्रदेश के सभी 1535 थानों पर स्थापित होने वाले महिला हेल्प डेस्क का वर्चुअल शुभारंभ कर रहे थे। मिशन शक्ति अभियान को एक कदम और आगे बढ़ाते हुए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने हर थाने में एक सीक्रेट रूम बनवाने के निर्देश दिए। पूरी तरह पारदर्शी ये रूम सभी बुनियादी सुविधाओं से लैस होंगे। इसमें पीड़ित महिला, महिला पुलिस कर्मी से बिना संकोच अपनी बात कह सकेंगी। यही नहीं महिला हेल्प डेस्क या सीक्रेट रूम में दिखने वाली किसी जगह पर वह सारे नंबर (1090, 181, 112,1076,1098, और 102) लिखें रहेंगे जिन पर कोई महिला जरूरत पर मदद के लिए कॉल कर सके। नंबरों के साथ इनका दुरुपयोग करने वालों के लिए चेतावनी भी अनिवार्य रूप से अंकित की जाएगी।

अपने संबोधन में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि महिलाओं के सम्मान को संस्कार बनाना होगा। इसके लिए मिशन शक्ति के इस कार्यक्रम को स्कूलों, कॉलेजों और अन्य संस्थाओं तक भी ले जाएं। सुबह की प्रार्थना और किसी सांस्कृतिक कार्यक्रम के दौरान भी लोगों को इस बाबत जागरूक करें। इसके लिए प्रबुद्ध वर्ग खासकर जागरूक महिलाएं आगे आएं तो नतीजे और बेहतर निकलेंगे।

योगी ने कहा कि हफ्ते भर के मिशन शक्ति कार्यक्रम के दौरान बहुत कुछ बदला है। पिछले दिनों कुछ घटनाओं को तिल का ताड़ बनाने वाले आज खुद कटघरे में हैं। पुलिस विभाग ने इस दौरान बेहतर काम किया है।

इस दौरान मुख्यमंत्री ने गौतमबुद्ध नगर, लखनऊ, वाराणसी, मेरठ और आगरा में बने महिला हेल्प डेस्क में मौजूद कुछ जागरूक महिलाओं और जनप्रतिनिधियों से बात भी की।

Exit mobile version