newsroompost
  • youtube
  • facebook
  • twitter

Uttar Pradesh: ‘मिशन शक्ति’ के तहत सीएम योगी आदित्यनाथ ने किया प्रदेश के सभी थानों में महिला हेल्प डेस्क का शुभारंभ

Uttar Pradesh: अपने संबोधन में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ (Yogi Adityanath) ने कहा कि महिलाओं के सम्मान को संस्कार बनाना होगा। इसके लिए मिशन शक्ति (Mission Shakti) के इस कार्यक्रम को स्कूलों, कॉलेजों और अन्य संस्थाओं तक भी ले जाएं।

लखनऊ। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शुक्रवार को यहां अपने सरकारी आवास पर ‘मिशन शक्ति’ अभियान के तहत प्रदेश के सभी 1535 थानों पर स्थापित होने वाले महिला हेल्प डेस्क का वर्चुअल शुभारंभ कर रहे थे। मिशन शक्ति अभियान को एक कदम और आगे बढ़ाते हुए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने हर थाने में एक सीक्रेट रूम बनवाने के निर्देश दिए। पूरी तरह पारदर्शी ये रूम सभी बुनियादी सुविधाओं से लैस होंगे। इसमें पीड़ित महिला, महिला पुलिस कर्मी से बिना संकोच अपनी बात कह सकेंगी। यही नहीं महिला हेल्प डेस्क या सीक्रेट रूम में दिखने वाली किसी जगह पर वह सारे नंबर (1090, 181, 112,1076,1098, और 102) लिखें रहेंगे जिन पर कोई महिला जरूरत पर मदद के लिए कॉल कर सके। नंबरों के साथ इनका दुरुपयोग करने वालों के लिए चेतावनी भी अनिवार्य रूप से अंकित की जाएगी।

Yogi Mission Shakti

अपने संबोधन में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि महिलाओं के सम्मान को संस्कार बनाना होगा। इसके लिए मिशन शक्ति के इस कार्यक्रम को स्कूलों, कॉलेजों और अन्य संस्थाओं तक भी ले जाएं। सुबह की प्रार्थना और किसी सांस्कृतिक कार्यक्रम के दौरान भी लोगों को इस बाबत जागरूक करें। इसके लिए प्रबुद्ध वर्ग खासकर जागरूक महिलाएं आगे आएं तो नतीजे और बेहतर निकलेंगे।

cm yogi

योगी ने कहा कि हफ्ते भर के मिशन शक्ति कार्यक्रम के दौरान बहुत कुछ बदला है। पिछले दिनों कुछ घटनाओं को तिल का ताड़ बनाने वाले आज खुद कटघरे में हैं। पुलिस विभाग ने इस दौरान बेहतर काम किया है।

Yogi Adityanath

इस दौरान मुख्यमंत्री ने गौतमबुद्ध नगर, लखनऊ, वाराणसी, मेरठ और आगरा में बने महिला हेल्प डेस्क में मौजूद कुछ जागरूक महिलाओं और जनप्रतिनिधियों से बात भी की।