News Room Post

Zaffar Express Train Hijack: जाफर एक्सप्रेस ट्रेन हाईजैक करने वाले बलूच विद्रोहियों की पाकिस्तान और चीन को धमकी, कहा- बचना है तो बलूचिस्तान छोड़ दो, अब तक रिहा कराए गए इतने बंधक

Zaffar Express Train Hijack: पाकिस्तान के पीएम शहबाज शरीफ ने कहा है कि सभी बंधकों को छुड़ाया जाएगा। शहबाज शरीफ ने कहा है कि सेना के हौसले बुलंद हैं। वहीं, बलूच विद्रोहियों ने दावा किया है कि कार्रवाई करने आई पाकिस्तानी सेना के 30 जवानों को उन्होंने ढेर किया है। खबर लिखे जाने तक बलूच विद्रोहियों और पाकिस्तानी सेना के बीच संघर्ष जारी था।

पेशावर। पाकिस्तान में जाफर एक्सप्रेस ट्रेन को हाईजैक करने के बाद बलूच विद्रोहियों ने अब पाकिस्तान की सरकार और चीन के लोगों को बलूचिस्तान छोड़ने के लिए कहा है। बलूच विद्रोहियों ने धमकी देते हुए कहा है कि जान बचानी है, तो बलूचिस्तान छोड़ दो। बलूच विद्रोही पाकिस्तान से बलूचिस्तान की आजादी के लिए लड़ रहे हैं। वे चीन के सीपीईसी प्रोजेक्ट के भी खिलाफ हैं। बलूच लोगों का आरोप है कि पाकिस्तान की सरकार बलूचिस्तान के लोगों पर जमकर अत्याचार करती है। साथ ही बलूचिस्तान से खनिज और कच्चा तेल भी पाकिस्तान की सरकार निकालती है। बलूच विद्रोहियों का आरोप है कि पाकिस्तान की सरकार बदले में बलूचिस्तान को कुछ नहीं देती। वहां के लोगों को अगवा कर गायब किया जाता है और जेलों में ठूंसा जाता है।

बलूच विद्रोहियों के संगठन बीएलए ने मंगलवार को क्वेटा से पेशावर जा रही जाफर एक्सप्रेस ट्रेन को हाईजैक कर लिया था। पाकिस्तान सरकार का दावा है कि उसकी सेना ने कार्रवाई करते हुए ट्रेन में बंधक बनाए गए 500 में से 104 लोगों को छुड़ा लिया है। जिनमें से 27 घायलों को अस्पताल में दाखिल कराया गया है। पाकिस्तान सरकार ने ये दावा भी किया है कि सेना ने 16 बलूच विद्रोहियों को मार दिया है। पाकिस्तान के पीएम शहबाज शरीफ ने कहा है कि सभी बंधकों को छुड़ाया जाएगा। शहबाज शरीफ ने कहा है कि सेना के हौसले बुलंद हैं। वहीं, बलूच विद्रोहियों ने दावा किया है कि कार्रवाई करने आई पाकिस्तानी सेना के 30 जवानों को उन्होंने ढेर किया है। खबर लिखे जाने तक बलूच विद्रोहियों और पाकिस्तानी सेना के बीच संघर्ष जारी था।

पटरी पर विस्फोट कर बलूच विद्रोहियों ने जाफर एक्सप्रेस ट्रेन को रोक लिया था।

बलूच विद्रोहियों ने जिस जगह जाफर एक्सप्रेस को पटरी पर विस्फोट कर रोक लिया, वहां तीन तरफ पहाड़ हैं। पटरी पर बलूच विद्रोहियों ने ऐसी जगह बम लगाया कि जाफर एक्सप्रेस ट्रेन सुरंग के भीतर पहुंच चुकी थी। ऐसे में पाकिस्तान की सेना के लिए बंधकों को छुड़ाना आसान नहीं रह गया है। बलूच विद्रोहियों ने पाकिस्तान सरकार से ये मांग रखी है कि जेलों में बंद बलूचिस्तान के लोगों को रिहा किया जाए और जिनको गायब किया है, उनके बारे में जानकारी दी जाए।

Exit mobile version