स्टॉकहोम। दुनिया में परमाणु हथियारों की तादाद एक बार फिर बढ़ गई है। खास बात ये है कि भारत के पड़ोस में भी परमाणु हथियारों की संख्या में इजाफा हुआ है। खासकर भारत के पुराने दुश्मन चीन ने बीते एक साल में 100 और परमाणु हथियार बना लिए हैं। जबकि, पाकिस्तान के परमाणु हथियारों की संख्या में कोई इजाफा नहीं हुआ है। स्टॉकहोम इंटरनेशनल पीस रिसर्च इंस्टीट्यूट (एसआईपीआरआई) SIPRI ने अपनी ताजा रिपोर्ट में ये दावा किया है। हालांकि, कोई भी देश अपने पास मौजूद परमाणु हथियारों की संख्या का कभी खुलासा नहीं करता।
एसआईपीआरआई की रिपोर्ट के मुताबिक भारत ने बीते एक साल में 8 और परमाणु हथियार बनाए हैं। जिससे इनकी तादाद बढ़कर 180 हो गई है। रिपोर्ट के मुताबिक एक साल पहले तक चीन के पास 500 परमाणु हथियार थे। अब इनकी संख्या 600 हुई है। पाकिस्तान के बारे में एसआईपीआरआई की रिपोर्ट का दावा है कि उसके पास पिछले साल तक 170 परमाणु हथियार थे। अब भी इतने ही परमाणु हथियार उसके पास हैं। रिपोर्ट में कहा गया है कि इजरायल के पास 90 और उत्तर कोरिया के पास 50 परमाणु हथियार हैं। बता दें कि इजरायल ने कभी नहीं माना कि उसने परमाणु हथियार बनाए हैं।
एसआईपीआरआई की रिपोर्ट में दावा किया गया है कि दुनिया में सबसे ज्यादा परमाणु हथियार रूस के पास हैं। रिपोर्ट के मुताबिक रूस के पास अभी 5459 परमाणु हथियार हैं। दूसरे नंबर पर अमेरिका है। एसआईपीआरआई की रिपोर्ट में बताया गया है कि अमेरिका के पास 5177 परमाणु हथियार हैं। खास बात ये है कि कई साल पहले एक समझौते के तहत रूस और अमेरिका ने अपने परमाणु हथियार कम किए थे। इसके बावजूद दोनों देशों के पास इतने परमाणु हथियार हैं कि उनसे सैकड़ों बार पूरी धरती पर विनाश किया जा सकता है। एसआईपीआरआई की रिपोर्ट में ब्रिटेन, फ्रांस वगैरा के पास परमाणु हथियारों की संभावित संख्या भी दी गई है।