News Room Post

Pak-Taliban Clash In Chaman: चमन की सीमा पर पाक सेना और तालिबान के बीच जमकर गोलाबारी, 10 लोगों की मौत, 40 के करीब घायल

Pak-Taliban Clash In Chaman.

चमन। तालिबान को पाकिस्तान ने बढ़ावा दिया। उसे पाला पोसा। अफगानिस्तान पर तालिबान को पाकिस्तान ने ही काबिज कराया। अब वही तालिबान पाकिस्तान के लिए भस्मासुर बन गया है। तालिबान के लड़ाकों ने चमन सीमा पर पाकिस्तान की सेना के जवानों पर रविवार को हमला बोला। इस हमले में दोनों तरफ के 10 लोगों की जान गई। जबकि, करीब 40 लोग घायल हुए हैं। मामला पाकिस्तान और अफगानिस्तान के बीच सीमा विवाद का है। पाकिस्तान और अफगानिस्तान के बीच सीमा को ड्यूरेंड लाइन बोला जाता है। अफगानिस्तान कभी भी इस सीमा रेखा को स्वीकार नहीं करता। वहीं, पाकिस्तान ने सीमा पर बाड़बंदी की है। तालिबान ने चमन में इसी बाड़बंदी को हटाने के लिए कहा था। पाकिस्तान की तरफ से इसे न मानने के बाद दोनों पक्षों में जमकर गोलीबारी हुई।

जानकारी के मुताबिक अफगानिस्तान के पाकिस्तानी सीमा से सटे शहर स्पिन बोल्डक में मोर्टार आकर गिरा। इससे 4 अफगानों की मौत हुई और 20 घायल हुए। इसके बाद तालिबान लड़ाकों ने चमन के पास पाकिस्तानी सेना पर हमला किया। तालिबान ने काफी गोलाबारी की। जिससे 6 पाकिस्तानियों की मौत होने की खबर है। 17 लोग घायल हुए। इन सभी घायलों को चमन के सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया गया। पाकिस्तान की सेना का दावा है कि उसने तालिबान को सीमा पर चौकियां बनाने से रोका। जिसके बाद तालिबान ने पाकिस्तान की सेना पर भारी हथियारों से हमला कर दिया।

पाकिस्तानी सेना ने तालिबान पर आरोप लगाया है कि उसने नागरिकों पर हमले किए। वहीं, अफगानिस्तान की मीडिया के मुताबिक हालात को देखते हुए तालिबान ने अपने और लड़ाके ड्यूरेंड लाइन पर भेजे हैं। ऐसे में पाकिस्तान के साथ तालिबान का संघर्ष और उग्र रूप ले सकता है। पाकिस्तान की सेना के साथ पहले भी सीमा विवाद के मुद्दे पर तालिबान का संघर्ष हो चुका है। पहले भी दोनों पक्षों के कई जवान मारे गए थे। तालिबान ने कई जगह जबरन पाकिस्तानी बाड़बंदी को गिरा भी दिया था। जिसके बाद पाकिस्तान ने सीमा पर बड़ी तादाद में फौज तैनात की हुई है।

Exit mobile version