News Room Post

Afghanistan: अफगानी महिलाओं के आक्रोश से अफगानिस्तान में हाहाकार, प्रदर्शनकारी महिलाओं के आगे लाचार दिखी तालिबानी हुकूमत

नई दिल्ली। यह कोई पहली मर्तबा नहीं है कि जब किसी मुस्लिम देश में महिलाओं ने हुकूमत के खिलाफ मोर्चा है, बल्कि पूर्व में भी ऐसे दृश्य कई मुस्लिम देशों में देखने को मिल चुके हैं। गत दिनों ईरानी महिलाओं ने भी हिजाब के विरोध में जिस तरह हुकूमत से लोहा लिया, उसे पूरी दुनिया ने अपनी आंखों से देखा है, जिसके बाद ईरानी सरकार को बाध्य होकर महिलाओं की मांगों पर विचार करने का मन बनाना पड़ा। इसी बीच अफगानिस्तान में भी महिलाओं ने तालिबानी सरकार के खिलाफ मोर्चा खोलने का मन बना लिया है। महिलाएं सड़क पर उतरकर तालिबानियों के खिलाफ विरोध प्रदर्शन कर रही हैं, लेकिन तालिबानियों की मजबूरी देखिए कि वो महिलाओं के उभरते स्वर को कुलचने में नाकाम साबित हो रहे हैं, जिसके अब कई मायने निकाले जा रहे हैं।

आपको बता दें कि गत दिनों तालिबानी हुकूमत ने अफगानी महिलाओं को निजी और सरकारी विश्वविद्यालय में पढ़ने पर रोक लगाने के आदेश दिए थे। जिसके बाद पूरे देश में महिलाओं में रोष देखने को मिला। हिजाबधारी महिलाएं सड़कों पर उतरकर तालिबानी हुकूमत के खिलाफ मोर्चा खोलती दिख रहीं हैं। कहीं सार्वजनिक स्थलों पर तो कहीं सड़कों पर महिलाओं का विरोध प्रदर्शन जारी है। ध्यान रहे कि इससे पहले भी अफगानिस्तान में विरोध प्रदर्शन देखा जा चुका है, लेकिन तालिबानी हुकूमत उस उभरते प्रदर्शन को कुचलने में कामयाब रही।

ऐसा पहली बार देखा जा रहा है कि अफगानी महिलाओं के आगे तालिबानी लाचार नजर आ रहे हैं, जिसके कई मायने निकाले जा रहे हैं। अफगानी महिलाएं अपने लिए शिक्षा का अधिकार मांग रही हैं। स्कूल, कॉलेज जाने की इजाजत मांग रही हैं। उधर, अफगानी शिक्षा मंत्री ने दो टूक कह दिया है कि महिलाओं को उच्च शिक्षा की इजाजत नहीं दी जा सकती है, जिसके बाद महिलाओं का विरोध प्रदर्शन तीक्ष्ण हो चुका है। अब ऐसे में आगामी दिनों में सरकार की ओर से क्या कुछ कदम उठाए जाते हैं। इस पर सभी की निगाहें टिकी रहेंगी।

Exit mobile version