News Room Post

Donald Trump On Illegal Immigrants: अमेरिका आने वाले अवैध प्रवासियों के खिलाफ डोनाल्ड ट्रंप ने उगली आग, बोले- ये जहर फैला रहे

डरहम। अमेरिका में अगले साल यानी 2024 में राष्ट्रपति पद के चुनाव होने वाले हैं। अमेरिका के राष्ट्रपति पद की रेस में एक बार फिर रिपब्लिकन पार्टी के उम्मीदवार के तौर पर डोनाल्ड ट्रंप उतरने की तैयारी कर रहे हैं। पूर्व राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने अभी से धुआंधार प्रचार शुरू कर दिया है। अपने इसी प्रचार अभियान के तहत डोनाल्ड ट्रंप ने न्यू हैंपशायर के डरहम में एक रैली को संबोधित किया। इस रैली में ट्रंप ने अमेरिका आने वाले अवैध प्रवासियों के बारे में आग उगली। डोनाल्ड ट्रंप ने आरोप लगाया कि अवैध प्रवासी अमेरिका आकर उनके देश के खून में जहर मिला रहे हैं। डोनाल्ड ट्रंप अब तक कई बार अवैध प्रवासियों के बारे में ऐसे ही भड़काऊ बयान दे चुके हैं। ट्रंप के ताजा बयान की आलोचना हो रही है और तमाम लोग इसे श्वेत वर्चस्वता और नाजी मानसिकता वाला बता रहे हैं।

डरहम की रैली में डोनाल्ड ट्रंप ने कहा कि प्रवासी सिर्फ दक्षिण अमेरिका ही नहीं, पूरी दुनिया में जहर फैला रहे हैं। ट्रंप ने कहा कि ये प्रवासी एशिया, अफ्रीका और पूरी दुनिया से हमारे देश यानी अमेरिका आते हैं। अक्टूबर के महीने में भी ट्रंप ने अमेरिकी समाज के एक वर्ग को कीड़े की संज्ञा दी थी। उन्होंने कट्टर विचारधारा और वामपंथी लोगों को कीड़ा कहा था। इन लोगों को जड़ से उखाड़ फेंकने की बात भी ट्रंप ने कही थी। ट्रंप के इस बयान के खिलाफ राष्ट्रपति और डेमोक्रेटिक पार्टी के जो बाइडेन ने भी बयान दिया था। उन्होंने कहा था कि डोनाल्ड ट्रंप जिस भाषा का इस्तेमाल कर रहे हैं, वो नाजियों की भाषा है।

डोनाल्ड ट्रंप एक बार फिर रिपब्लिकन पार्टी के उम्मीदवार हैं। उन्होंने 2020 के राष्ट्रपति पद के चुनाव में अपनी हार भी स्वीकार नहीं की थी। डोनाल्ड ट्रंप ने अपने इरादे साफ कर दिए हैं कि अगर वो फिर अमेरिका के राष्ट्रपति बने, तो अवैध प्रवासियों के खिलाफ कड़ा कानून ला सकते हैं। पहले जब ट्रंप राष्ट्रपति थे, तो उन्होंने अवैध प्रवासियों को पकड़वाया था और उनको अपने बच्चों से अलग रखने का आदेश दिया था। ट्रंप ने इसके अलावा कई इस्लामी और अफ्रीकी देशों के लोगों को अमेरिका आने पर रोक भी लगाई थी। उनका कहना है कि फिर राष्ट्रपति बनने पर वो एक बार फिर ये प्रतिबंध लागू करेंगे।

Exit mobile version