News Room Post

एम्स में भर्ती पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह की सेहत में हुआ सुधार

नई दिल्ली। पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह फिलहाल अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (एम्स) में भर्ती हैं। सोमवार सुबह एम्स हॉस्पिटल ने उनसे जुड़ा हेल्थ अपडेट दिया था। जिसमें बताया गया था कि मनमोहन सिंह की हालत फिलहाल स्थिर है। फिलहाल उन्हें डॉक्टर्स की निगरानी में रखा गया है।

पूर्व पीएम मनमोहन सिंह को बेचैनी महसूस होने के बाद रविवार रात एम्स में भर्ती कराया गया था। इसके साथ ही अभी एम्स के सूत्रों से मिल रही खबर की मानें तो अब मनमोहन सिंह के आईसीयू से प्राइवेट वार्ड में शिफ्ट कर दिया गया है।

इसके साथ ही सूत्र से मिली जानकारी के अनुसार मनमोहन सिंह को बुखार भी थी जिसको लेकर उनका कोरोना टेस्ट कराया गया था जिसकी रिपोर्ट निगेटिव आई है।

87 वर्षीय मनमोहन सिंह को एम्स के कार्डियो-थोरैसिस (दिल और सीने से संबंधित) वार्ड में निगरानी में रखा गया था। एम्स सूत्रों ने सोमवार को बताया था कि, ‘एक नई दवा लेने के बाद रिएक्शन (फैब्राइल रिएक्शन) होने की वजह से उन्हें भर्ती कराया गया था ताकि वह चिकित्सकों की निगरानी में रह सकें और उनकी जांच हो सके। बुखार के अन्य कारणों का पता लगाने के लिए जांच की जा रही है और उनकी जरूरी देखभाल की जा रही है।’

आपको बता दें कांग्रेस के सीनियर नेता मनमोहन सिंह फिलहाल राजस्थान से राज्यसभा सदस्य हैं। वह 2004 से 2014 तक देश के प्रधानमंत्री रहे हैं। साल 2009 में उनकी एम्स में ही कोरोनरी बाईपास सर्जरी हुई थी। मनमोहन सिंह के अस्पताल में भर्ती होने की खबर मिलते ही कई नेताओं ने उनके स्वास्थ्य को लेकर चिंता जताई और जल्द ठीक होने की कामना की।

Exit mobile version