News Room Post

राहुल पर गिरिराज सिंह का प्रहार, कहा- आपके नाना जी से लेकर अब तक जो नहीं हुआ वो मोदी जी ने कर दिखाया

Giriraj Singh: इससे पहले 17 फरवरी को जब राहुल गांधी(Rahul Gandhi) पुडुचेरी पहुंचे थे तो वहां भी उन्होंने लोगों से बातचीत करते हुए कहा था कि, "अगर जमीन पर खेती करने वाले किसानों का दिल्‍ली(Delhi) में मंत्रालय हो सकता है तो समुद्र के किसानों का क्‍यों नहीं हो सकता।"

नई दिल्ली। केरल में कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष और वायनाड से सांसद राहुल गांधी (Rahul Gandhi) ने एक ऐसा बयान दिया है कि, जिसपर अब भाजपा की तरफ से करारा हमला किया जा रहा है। दरअसल राहुल गांधी ने केरल में मछुआरों का मंत्रालय बनाने को लेकर कहा कि, “जैसे किसान ज़मीन पर खेती करते हैं वैसे आप समुद्र में करते हैं। किसान के लिए दिल्ली में मंत्रालय है लेकिन आपके लिए मंत्रालय नहीं है। आपके लिए दिल्ली में कोई नहीं बोलेगा इसलिए मैं पहले दिल्ली में मछुआरों के लिए मंत्रालय समर्पित करूंगा।” बता दें कि राहुल गाँधी इससे पहले भी मछुआरों के लिए मंत्रालय बनाने की बात कर चुके हैं। ऐसे में राहुल के इस बयान पर केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह ने पलटवार किया है। उन्होंने राहुल को जवाब देते हुए कहा कि, राहुल गांधी को पता नहीं कि दिल्ली में मत्स्य विभाग बना हुआ है।

राहुल गांधी को जवाब देते हुए गिरिराज सिंह ने कहा कि, “राहुल जी मछुआरों के लिए मत्स्य विभाग बना हुआ है जिसके अंतर्गत 20 हज़ार 50 करोड़ के निवेश का बजट है। 70 साल में आपके(राहुल गांधी) नाना जी से लेकर अब तक जो काम नहीं हुआ वो काम मोदी जी ने किया है।”

वैसे इससे पहले 17 फरवरी को जब राहुल गांधी पुडुचेरी पहुंचे थे तो वहां भी उन्होंने लोगों से बातचीत करते हुए कहा था कि, “अगर जमीन पर खेती करने वाले किसानों का दिल्‍ली में मंत्रालय हो सकता है तो समुद्र के किसानों का क्‍यों नहीं हो सकता।” राहुल गांधी की इसी बात को लेकर केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर ने अपने एक ट्वीट में उन्हें जवाब देते हुए उनकी गलती को उजागर किया था।

अनुराग ठाकुर ने मछुआरों से संबंधित मंत्रालय और इसके मंत्री का नाम बताते हुए राहुल के झूठ को सबके सामने रख दिया। उन्होंने एक ट्वीट में लिखा कि, श्री राहुल गांधी जी, इसके लिए पशुपालन, डेयरी और मत्स्यपालन मंत्रालय है और इसके मंत्री गिरिराज सिंह हैं।

इसके अलावा राहुल के उस बयान पर बेगुसराय से भाजपा सांसद और केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह ने इटालियन भाषा में ट्वीट करते हुए राहुल गांधी को लेकर लिखा था, ईटली में मत्स्य पालन का कोई अलग मंत्रालय नहीं है। वहां यह कृषि और वानिकी मंत्रालय के अंतर्गत आता है। वहीं, केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी ने भी इटालियन भाषा में ट्वीट करते हुए लिखा था, वे केवल एक ही बात जानते हैं। झूठ, भय और गलत सूचना फैलाना।

पुडुचेरी में राहुल द्वारा दिए बयान पर गिरिराज सिंह ने कहा था कि, “राहुल जी ! आपको इतना तो पता ही होना चाहिए कि 31 मई,2019 को ही मोदी जी ने नया मंत्रालय बना दिया। और 20050 Cr रुपए की महायोजना (PMMSY) शुरू की जो आज़ादी से लेकर 2014 के केन्द्र सरकार के खर्च (3682 cr) से कई गुना ज़्यादा है।”

वहीं एक और ट्वीट में गिरिराज सिंह ने लिखा था कि, “राहुल जी! मेरा आपसे अनुरोध है कि आप नए मत्स्यपालन मंत्रालय में आएँ या मुझे जहाँ बुलाएँ,मैं आ जाता हूँ। मैं आपको नए फ़िशरी मंत्रालय के द्वारा पूरे देश तथा पुदुच्चेरी में चलाए जा रहे योजनाओं के बारे में बताता हूँ।”

Exit mobile version