News Room Post

BRS Leader Slams Priyanka: विपक्षी एकता की कोशिश को तेलंगाना में लगा पलीता!, बीआरएस नेता ने प्रियंका और कांग्रेस पर साधा निशाना

kt rama rao and priyanka gandhi

हैदराबाद। एक तरफ तमाम नेता घूम-घूमकर 2024 के लोकसभा चुनाव से पहले विपक्षी एकता की कोशिश कर रहे हैं। वहीं, दूसरी तरफ क्षेत्रीय पार्टियां कांग्रेस से असहज महसूस कर रही हैं। पहले ममता बनर्जी ने कांग्रेस के नेता राहुल गांधी को पीएम नरेंद्र मोदी की टीआरपी बढ़ाने वाला कहा था। अब तेलंगाना में सत्तारूढ़ भारत राष्ट्र समिति (बीआरएस) के नेता और सीएम के. चंद्रशेखर राव के बेटे केटी रामाराव ने कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी पर निशाना साधा है। प्रियंका गांधी आज हैदराबाद के दौर पर रहेंगी। प्रियंका को सरूरनगर में युवा संघर्ष सभा को संबोधित करना है। साथ ही पार्टी के कार्यकर्ताओं से भी वो मिलेंगी। इससे पहले केटी रामाराव ने प्रियंका के हैदराबाद आने को राजनीतिक पर्यटन बताया और कहा कि कांग्रेस डूबता जहाज है।

केटी रामाराव ने ये भी कहा कि कांग्रेस को बीआरएस से सीखना चाहिए कि समावेशी नीतियां किस तरह बनाई जाती हैं। रामाराव ने कहा कि हैदराबाद दुनियाभर में पहचान रखने वाला शहर है। यहां लाखों पर्यटकों का हर दिन स्वागत होता है। ये शहर प्रियंका गांधी जैसे राजनीतिक पर्यटकों का भी स्वागत करता है। केटी रामाराव ने कहा कि कांग्रेस ने सत्ता में रहने के दौरान लोगों की भलाई के लिए कुछ भी नहीं किया। अब वो तेलंगाना की मौजूदा सरकार को ज्ञान दे रही है। उन्होंने कहा कि अगर बीआरएस सरकार की तरह काम करें, तो देश में कभी भी बेरोजगारी नहीं होगी।

केटी रामाराव ने कांग्रेस को डूबता हुआ जहाज बताया। उन्होंने प्रियंका गांधी को ये सलाह भी दी कि वो राजनीतिक की जगह शैक्षिक पर्यटन करें और बीआरएस से सीखें। रामाराव ने ये आरोप भी लगाया कि कांग्रेस ने राजनीतिक फायदे के लिए तेलंगाना राज्य बनाने में भी देरी की। जिसकी वजह से सैकड़ों युवाओं ने जान दी। उन्होंने इस मामले में प्रियंका गांधी से माफी की मांग भी की।

Exit mobile version