News Room Post

दिल्ली : CAA-NRC के विरोध में शाहीन बाग की तर्ज पर जाफराबाद में सड़क पर उतरीं महिलाएं

नई दिल्ली। दिल्ली के शाहीन बाद में नागरिकता संशोधन कानून को लेकर हो रहे विरोध प्रदर्शन को दो महीने से ज्यादा हो गए हैं, और अभी भी लोगों के वहां से हटने का कोई रास्ता साफ नहीं हो पाया है। शाहीन बाग पुलिस के लिए परेशानी का सबब तो बना ही था लेकिन इसके साथ-साथ दिल्ली के जाफराबाद में भी CAA-NRC के खिलाफ सड़क पर महिलाएं उतर गई हैं।

बता दें कि जाफराबाद में शनिवार लगभग आधी रात से बड़ी संख्या में मुस्लिम समुदाय की महिलाएं जाफराबाद मेट्रो स्टेशन के नीचे से गुजरने वाली सड़क पर बैठ गईं और CAA-NRC के खिलाफ प्रदर्शन कर रही हैं। सुरक्षा के लिहाज से जाफराबाद मेट्रो स्टेशन भी बंद कर दिया गया।

रिपोर्ट के मुताबिक आधी रात को प्रदर्शनकारी महिलाएं सीलमपुर रेड लाइट से जाफराबाद मेट्रो स्टेशन की ओर कूच कीं और जाफराबाद मेट्रो स्टेशन के नीचे सड़क पर बैठ गईं। प्रदर्शन में बड़ी तादाद में बुर्का पहनीं औरतें शामिल हैं। इन्होंने कैंडल जलाया और CAA के खिलाफ नारेबाजी की। हालांकि रात बढ़ने के साथ भीड़ कम होती गई और पुलिस की संख्या भी कम हो गई।

प्रदर्शनकारियों के इकट्ठा होने व उनके सड़क पर बैठने की वजह से इस रास्ते से लोगों की आवाजाही बंद हो गई है। प्रदर्शनकारी महिलाओं ने रोड नंबर 66 जाम कर रखा है, ये सड़क सीलमपुर को मौजपुर और यमुना विहार से जोड़ती है। विरोध में शामिल महिलाओं ने बताया कि शाहीन बाग की तरह वे भी CAA और एनआरसी के खिलाफ प्रदर्शन करेंगी। हाथ में तिरंगा लिए महिलाओं ने आजादी के नारे लगाते हुए कहा कि वे तब तक प्रदर्शनस्थल से नहीं हटेंगी जब तक कि केंद्र सरकार सीएए को रद्द नहीं कर देती है।

प्रदर्शन में जो महिलाएं शामिल हैं, उनमें से कई महिलाओं ने अपनी बांह पर नीला बैंड लगा रखा था और जय भीम का नारा लगा रही थीं। बता दें कि संविधान निर्माता बाबा साहेब भीम राव आंबेडकर के अनुनायी नीली पोशाक और नीला झंड़ा लगाते हैं। बता दें कि 23 फरवरी को भीम आर्मी प्रमुख चंद्रशेखर ने भी भारत बंद का ऐलान किया था।

लोगों की भीड़ देखते हुए पुलिस सुरक्षा बढ़ा दी गई है। इसके अलावा महिलाओं के प्रदर्शन को देखते हुए इलाके में महिला पुलिसकर्मियों सहित बड़ी संख्या में सुरक्षा बल को तैनात किया गया है। जाफराबाद में ऐसे समय में प्रदर्शन शुरु हुआ है जब शाहीन बाग में सीएए विरोधी प्रदर्शनकारियों ने एक सड़क को खाली कर दिया है। शाहीन बाग में सड़क खुलवाने के लिए सुप्रीम कोर्ट की ओर से नियुक्त वार्ताकार लगातार कोशिश कर रहे हैं।

Exit mobile version