News Room Post

रोक के बाद भी मस्जिद में पढ़वाई नमाज, जिसके बाद पुलिस ने लिया ये एक्शन

नई दिल्ली। देशभर में कोरोना की वजह से लॉकडाउन की स्थिति बन गई है। देश के कई राज्यों में लॉकडाउन घोषित कर दिया गया है। ऐसे में कुछ राज्यों में कोरोना से बचाव की दृष्टि से धारा 144 लगाकर भीड़ जमा होने से रोका जा रहा है। हालांकि इसके बाद भी भिवंडी शहर में एक मस्जिद में नमाज पढ़वाई गई, जिसके बाद पुलिस ने अपनी कार्रवाई की है।

आपको बता दें कि कोरोना के मरीजों की संख्या महाराष्ट्र में सबसे अधिक पाई गई है और ये तादाद बढ़ती जा रही है लेकिन भिवंडी शहर के आसबीबी मस्जिद में नमाज पढ़वाई गई। जिसके बाद इस मस्जिद के पदाधिकारियों पर मुंबई पुलिस ने एफआईआर दर्ज की है।

बता दें कि सोमवार दोपहर की नमाज के लिए मस्जिद से अजान हुई और लोग नमाज पढ़ने पहुंचे। सरकार के आदेश का उल्लंघन करने के कारण भिवंडी शहर पुलिस ने आसबीबी मस्जिद के पदाधिकारियों के विरुद्ध मामला दर्ज किया है।

पुलिस उपायुक्त राजकुमार शिंदे ने जमावबंदी लागू करने की जानकारी देते हुए शहर के सभी धार्मिक स्थलों पर जमा न होने की बात कही थी। उन्होंने मस्जिदों के पदाधिकारियों से नमाज के समय सिर्फ अजान करके लोगों को जानकारी देने का अनुरोध किया था और नमाज घरों में पढ़ने की बात कही थी।

बावजूद इसके आसबीबी मस्जिद में नमाज अदा करने वालों की भीड़ लग गई थी। इसके बाद भिवंडी शहर पुलिस ने आसबीबी मस्जिद के अध्यक्ष गुलाम अहमद खान, कोषाध्यक्ष मरगूब हसन अंसारी, सदस्य मो. हबीब अंसारी एवं हजरत अली अंसारी सहित मस्जिद के अन्य पदाधिकारियों के विरुद्ध सीआरपीसी की धारा 144 (1)(3) एवं आईपीसी की धारा 188, 269 सहित राष्ट्रीय आपदा उल्लंघन अधिनियम 2005 की धारा 51 बी के तहत मामला दर्ज किया है।

Exit mobile version