News Room Post

दिल्ली में ‘उपद्रव’ करने के मामले में पुलिस ने किया 122 लोगों को गिरफ्तार, 44 FIR दर्ज

नई दिल्ली। 26 जनवरी को दिल्ली में ट्रैक्टर परेड की आड़ में उपद्रव करने वाले प्रदर्शनकारी किसानों पर अब दिल्ली पुलिस ने शिकंजा कसना शुरू कर दिया है। बता दें कि इस मामले में दिल्ली पुलिस ने अबतक 44 FIR दर्ज कर ली है। वहीं इस हिंसा के मामले में पुलिस ने अबतक 122 लोगों को गिरफ्तार किया है। इसके साथ ही लाल किला के अंदर CISF के जवान को तलवार मारने वाले आरोपी अकाशप्रीत को भी क्राइम ब्रांच SIT ने गिरफ्तार कर लिया है। बता दें कि अकाशप्रीत पंजाब का रहने वाला है। गौरतलब है कि दिल्ली में गणतंत्र दिवस के दिन ट्रैक्टर रैली हुई थी, जिसमें तय किए गए रूट से अलग जाकर उपद्रवी कथित किसानों ने दिल्ली में जमकर हिंसा की। इस दौरान 394 सुरक्षाकर्मी घायल हो गए थे। लाल किला के अंदर भी प्रदर्शनकारियों ने हिंसा की थी। अब इस मामले में जानकारी देते हुए दिल्ली पुलिस के PRO ईश सिंघल ने कहा कि किसान आंदोलन से जुड़े मामलों में दिल्ली पुलिस ने 44 FIR दर्ज की है और 122 लोगों को गिरफ्तार किया है।

उन्होंने कहा, “ जिन लोगों को गिरफ्तार किया गया है उनकी जानकारी हमने अपनी वेबसाइट पर दी है, वहां जाकर  हर कोई देख सकता है। इस मामले में पुलिस ने किसी व्यक्ति को अवैध तरीके से हिरासत में नहीं लिया है। मैं लोगों से अपील करता हूं कि वे अफवाहों पर ध्यान ना दें।” बता दें कि इस मामले में दिल्ली पुलिस की टीम पंजाब और हरियाणा समेत राष्ट्रीय राजधानी के बाहर भी जांच कर रही है।

गिरफ्तार किए गए लोगों की लिस्ट-

पुलिस का कहना है कि, लाल किले पर अपना झंडा लगाने वालों की तलाश हो रही है। जो भी दोषी होगा, उन्हें बख्शा नहीं जाएगा। वहीं हिंसा को लेकर रविवार को दिल्ली पुलिस ने किसान नेताओं सहित 50 लोगों को ताजा नोटिस भेजा। इससे पहले दिल्ली पुलिस ने 44 लोगों के खिलाफ नोटिस जारी किया था। एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने कहा कि पुलिस ने कई लोगों की पहचान की है और उन्हें नोटिस भेजा है।

बता दें कि शनिवार तक पुलिस को दिल्ली हिंसा मामले में अबतक आम जनता से 1,700 वीडियो क्लिप और सीसीटीवी फुटेज भी प्राप्त हुए, जिनसे हिंसा से संबंधित जांच में सहायता मिल सकती है। पुलिस के अनुसार हिंसा के दौरान जो ट्रैक्टर इस्तेमाल किए गए थे उनमें से कुछ ट्रैक्टरों की पहचान की गई है और उनके मालिकों को नोटिस भेजा गया है।

Exit mobile version