News Room Post

BJP On Karnataka: कर्नाटक में सत्तारूढ़ सिद्धारामैया सरकार का होगा खेला, जल्दी गिरेगी सरकार!, बीजेपी विधायक का दावा

siddaramaiah

बेंगलुरु। कर्नाटक में अभी बीते दिनों ही चुनाव हुए हैं। इन चुनावों में कांग्रेस जीती और सिद्धारामैया के नेतृत्व में सरकार बनाई। पिछली बार भी कर्नाटक में कांग्रेस ने जेडीएस के साथ मिलकर सरकार बनाई थी, लेकिन वो सरकार 14 महीने में ही गिर गई थी। तब जेडीएस और कांग्रेस के विधायक टूटकर बीजेपी में आए थे और फिर बीजेपी ने सरकार चलाई थी। अब एक बार फिर कांग्रेस के साथ कर्नाटक में ऐसा ही खेला होने का दावा वहां के एक बीजेपी विधायक ने किया है। बीजेपी विधायक का दावा है कि जल्दी ही कर्नाटक में कांग्रेस की सरकार गिर जाएगी।

कर्नाटक की बीजापुर शहरी सीट से बीजेपी विधायक और पूर्व केंद्रीय मंत्री बसनगौड़ा पाटिल यतनाल ने सोमवार को एक जनसभा में दावा किया कि लोकसभा चुनाव से पहले ही कर्नाटक में कांग्रेस की सरकार गिर जाएगी। बसनगौड़ा पाटिल ने दावा किया कि कांग्रेस के 25 विधायक बीजेपी से संपर्क में हैं और वे पाला बदलेंगे। उन्होंने कहा कि कांग्रेस कहती है कि उसने 135 सीटें जीती हैं। पाटिल ने कहा कि अगर 30 विधायक छोड़ दें, तो कांग्रेस की सरकार गिर जाएगी। 25 विधायक कांग्रेस छोड़ने के लिए तैयार हैं। उन्होंने कहा कि कर्नाटक के कुछ मंत्री ऐसे व्यवहार कर रहे हैं, जैसे उनके पास सारी ताकत आ गई है। वे अफसरों को हटा रहे हैं या उनका तबादला कर रहे हैं।

बसनगौड़ा पाटिल यतनाल ने आगे आरोप लगाया कि विजयपुरा में कांग्रेस सरकार मुस्लिम अफसरों को तैनात कर रही है। उन्होंने कहा कि ये लोग मार्च तक हैं। कांग्रेस लोकसभा चुनाव से पहले सरकार से बाहर हो जाएगी। पाटिल ने कहा कि विजयपुरा से दोनों मंत्री पहले ऊंची उड़ान भरने जैसा व्यवहार कर रहे थे। अब उनके सुर बदल गए हैं। पाटिल ने कहा कि इन मंत्रियों को भी अहसास हो गया है कि 35-40 विधायक पार्टी छोड़ने के लिए तैयार हैं। बसनगौड़ा पाटिल ने कहा कि कांग्रेस के लोग पैसा चाहते हैं, क्योंकि उन्होंने चुनाव में काफी धन खर्च किया है। इसी वजह से भ्रष्टाचार होने का आरोप भी पाटिल ने लगाया।

Exit mobile version