News Room Post

Sakshi Murder Case: दिल्ली के साक्षी हत्याकांड पर केजरीवाल ने किया 10 लाख के मुआवजे का ऐलान, एलजी पर फिर उठाए सवाल

नई दिल्ली। दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने दिल्ली के शाहबाद डेयरी इलाके में रविवार को हुए चर्चित साक्षी हत्याकांड को लेकर मुआवजे का ऐलान किया है। साक्षी के परिवार को दिल्ली सरकार 10 लाख रुपए का मुआवजा देने का काम करेगी। इसके साथ ही अरविंद केजरीवाल ने LG वी के सक्सेना पर भी सवाल उठाए। उन्होंने कहा की एलजी हमें हमारे काम करने दें, उनको जो संवैधानिक अधिकार मिले हैं वो उस हिसाब से काम करें। केजरीवाल ने ट्वीट करके लिखा, “दिल्ली सरकार साक्षी के परिवार को दस लाख रुपये की सहायता राशि देगी और कोर्ट से दोषी को कड़ी से कड़ी सज़ा दिलवाने की पूरी कोशिश करेगी, बड़े से बड़े वकील खड़े करेगी।”

इससे पहले सोमवार को इस पूरे हत्याकांड पर प्रतिक्रिया देते हुए दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविन्द केजरीवाल ने दिल्ली पुलिस की कार्यशैली और दिल्ली की कानून व्यवस्था को लेकर तमाम सवाल खड़े किए। बता दें कि साक्षी हत्याकांड पर दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने उपराज्यपाल वीके सक्सेना पर हमला बोला है। मुख्यमंत्री केजरीवाल ने ट्वीट किया, “दिल्ली में खुलेआम एक नाबालिग बच्ची की बेरहमी से हत्या कर दी जाती है। ये बेहद दुखद और दुर्भाग्यपूर्ण है। अपराधी बेखौफ हो गए हैं, पुलिस का कोई डर ही नहीं है। LG साहब, कानून-व्यवस्था आपकी जिम्मेदारी है, कुछ कीजिए। दिल्ली के लोगों की सुरक्षा सबसे महत्वपूर्ण है।”

दिल्ली के शाहबाद डेयरी इलाके में रविवार को साक्षी नाम की 16 वर्षीय लड़की की साक्षी नाम के युवक ने कथित प्रेम प्रसंगों के चलते चाकुओं से गोदकर हत्या कर दी। इस हत्याकांड का CCTV फुटेज जैसे ही सामने आया, इसे देखकर हर कोई हैरान रह गया। बड़े ही निर्मम तरीके से साहिल ने पहले साक्षी को 20 बार चाकू मारे, इससे भी उसका जब मन नहीं भरा और साक्षी की मौत को कन्फर्म करने के इरादे से उसने फिर पत्थर से भी उसके चेहरे और जिस्म पर ताबड़तोड़ वार किए। साक्षी ने मौके पर ही दम तोड़ दिया, लेकिन इस केस ने दिल्ली की जनता की असंवेदनशीलता को भी बखूबी दर्शाया है। इसके बाद सोमवार को साहिल को बुलंदशहर से गिरफ्तार किया गया है।

Exit mobile version