News Room Post

महाराष्ट्र पंचायत चुनाव में सत्ताधारी गठबंधन के सामने भाजपा का दिखा दम, 5,689 सीटों पर लहराया भगवा

BJP Flag

नई दिल्ली। महाराष्ट्र में हुए ग्राम पंचायत चुनाव के नतीजों की तस्वीर अब लगभग साफ हो गई। इन नतीजों में शिवसेना और भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी), दोनों ही सबसे अधिक सीटें जीतने के दावे कर रही हैं। हालांकि अगर पार्टी के तौर पर देखें तो विपक्ष में बैठी भारतीय जनता पार्टी सबसे बड़ी पार्टी होने का दावा कर रही है। इसको लेकर केंद्रीय मंत्री पीयूष गोयल भी अपने ट्वीट में कह चुके हैं कि भाजपा ने महाराष्ट्र ग्राम पंचायत चुनाव में सबसे अधिक 5,689 सीटों पर जीत दर्ज किया है। वहीं शिवसेना का दावा है कि वह सबसे अधिक सीटों पर विजयी रही है। हालांकि अगर गठबंधन के तौर पर देखा जाय तो शिवसेना के नेतृत्व वाला सत्ताधारी गठबंधन महा विकास अघाड़ी (एमवीए) सबसे बड़े गठबंधन के तौर पर उभरा है। वहीं पीयूष गोयल ने बुधवार को अपने एक ट्वीट में लिखा कि, महाराष्ट्र ग्राम पंचायत चुनाव में सर्वाधिक 5,689 सीट जीतने के लिये महाराष्ट्र भाजपा के सभी कार्यकर्ताओं को बधाई व शुभकामनायें।

उन्होंने इन चुनाव के नतीजों को लेकर लिखा है कि, “कृषि बिलों व किसान हित में सरकार के कार्यों का किसानों द्वारा स्वागत किया जा रहा है, जो देश के ग्राम पंचायतों के चुनावों में प्रदर्शित हो रहा है।”

बता दें कि शुक्रवार को महाराष्ट्र में 34 जिलों में 12,711 ग्राम पंचायतों में चुनाव हुए थे। जिसमें 79 फीसदी मतदान हुआ था। गौरतलब है कि राज्य की ग्राम पंचायतों में इससे पहले 31 मार्च 2020 को चुनाव होने वाले थे, लेकिन कोरोना की वजह से 17 मार्च 2020 को चुनाव कार्यक्रम स्थगित कर दिया गया। इसके बाद पंचायत चुनाव की घोषणा दिसंबर में गई थी।

Exit mobile version