News Room Post

CAA पर बोले पीएम मोदी- ‘मैं फिर कहूंगा, CAA नागरिकता छीनने का नहीं बल्कि देने का कानून है’

नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बंगाल के बेलूर मठ में स्वामी विवेकानंद की जयंती पर युवाओं को संबोधित करते हुए CAA पर कहा कि, युवाओं के मन में CAA को लेकर सवाल भरे गए। जिससे कुछ युवा भ्रम के शिकार हुए हैं लेकिन फिर कहना चाहूंगा कि ये कानून नागरिकता लेने का नहीं बल्कि नागरिकता देने का कानून है।

युवाओं को लेकर उन्होंने कहा कि, दुनिया में युवाओं की आबादी भारत में सबसे ज्यादा है और भारत के युवा जिस मुहिम में जुड़ते हैं उसकी सफलता तय है। उन्होंने कहा, ये युवा सोच ही है जो कहती है कि समस्याओं को टालो नहीं, उनसे टकराओ, उन्हें सुलझाओ।

बेलूर मठ में छात्रों को संबोधित करते हुए प्रधानमंत्री मोदी ने कहा, युवाओं को नागरिकता संशोधन कानून पर फैली गलतफहमियों को दूर करना चाहिए। CAA नागरिकता छीनने का नहीं बल्कि नागरिकता देने का कानून है। इस कानून के बनने को लेकर प्रधानमंत्री ने कहा कि, ये कानून रातों-रात नहीं बना है, बल्कि इस कानून में संसद के जरिए मात्र एक संशोधन किया गया है। इतनी स्पष्टता के बावजूद, कुछ लोग सिटिजनशिप अमेंडमेंट एक्ट को लेकर भ्रम फैला रहे हैं। मुझे खुशी है कि आज का युवा ही ऐसे लोगों का भ्रम भी दूर कर रहा है। और तो और, पाकिस्तान में जिस तरह दूसरे धर्म के लोगों पर अत्याचार होता है, उसे लेकर भी दुनिया भर में आवाज हमारा युवा ही उठा रहा है।

युवाओं के बारे में उन्होंने कहा, युवा जोश, युवा ऊर्जा ही 21वीं सदी के इस दशक में भारत को बदलने का आधार है। नए भारत का संकल्प, आपके द्वारा ही पूरा किया जाना है। ये युवा सोच ही है जो कहती है कि समस्याओं को टालो नहीं, उनसे टकराओ, उन्हें सुलझाओ।

स्वामी विवेकानंद की जयंती पर उन्होंने कहा कि, स्वामी विवेकानंद जी की वो बात हमें हमेशा याद रखनी होगी जब वो कहते थे कि “अगर मुझे सौ ऊर्जावान युवा मिल जाएं, तो मैं भारत को बदल दूंगा।” यानि परिवर्तन के लिए हमारी ऊर्जा, कुछ करने का जोश ही आवश्यक है।

आपको बता दें कि भारत के महान धर्म गुरुओं में से एक स्वामी विवेकानंद की आज यानी 12 जनवरी को जयंती है। स्वामी विवेकानंद की जयंती को राष्ट्रीय युवा दिवस के रूप में मनाया जाता है। राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद और उपराष्ट्रपति वैंकेया नायडू समेत कई नेताओं ने स्वामी विवेकानंद को याद करते हुए उनकी जयंती पर श्रद्धांजलि अर्पित की है।

इस मौके पर राष्ट्रपति कोविंद ने ट्वीट कर कहा कि महान विद्वान स्वामी विवेकानंद ने पीढ़ियों को प्रेरित किया है। उन्होंने विशेष रूप से युवाओं को प्रोत्साहित किया है। हम उनके जन्मदिन को राष्ट्रवाद के रूप में याद करते हैं। स्वामी विवेकानंद का जीवन और कर्म आने वाले वर्षों में भी प्रेरणा देते रहेंगे।

Exit mobile version