नई दिल्ली। कर्नाटक विधानसभा चुनाव के लिए कांग्रेस ने उम्मीदवारों की अपनी पहली लिस्ट जारी कर दी है। इस लिस्ट में 124 प्रत्याशियों के नाम हैं। कर्नाटक विधानसभा में कुल सीटों की संख्या 224 है। कर्नाटक में एक महीने बाद विधानसभा के चुनाव होने की संभावना है। अब तक सिर्फ कांग्रेस ने ही प्रत्याशियों का एलान किया है। कांग्रेस की प्रत्याशियों की पहली लिस्ट में पूर्व सीएम सिद्धारामैया और प्रदेश अध्यक्ष डीके शिवकुमार का भी नाम है। जबकि, चीतापुर सीट से कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे के बेटे प्रियंग खरगे को कांग्रेस ने प्रत्याशी बनाया है। सिद्धारामैया को कांग्रेस ने वरुणा सीट से मौका दिया है।
Congress party announces the first list of 124 candidates for Karnataka Assembly Elections.
Names of former CM Siddaramaiah, and State party president DK Shivakumar are present in the first list. pic.twitter.com/TC9vXJfrX5
— ANI (@ANI) March 25, 2023
सिद्धारामैया ने शुक्रवार को कहा था कि वो परिवार की सलाह पर वरुणा सीट से लड़ना चाहते हैं। उन्होंने कांग्रेस नेतृत्व से एक और सीट से खुद को उतारने की मांग भी की है। सिद्धारामैया की ये मांग कांग्रेस मानती है या नहीं, ये देखना बाकी है। कांग्रेस ने अपने प्रदेश अध्यक्ष डीके शिवकुमार को कनकपुरा सीट से उम्मीदवार बनाया है। बेंगलुरु की गांधीनगर सीट से कांग्रेस के दिग्गज नेता दिनेश गुंडुराव प्रत्याशी बनाए गए हैं। मेंगलुरु सीट से यूटी अब्दुल कादिर अली फरीद को कांग्रेस ने मैदान में उतारने का फैसला किया है। कोलार गोल्ड फील्ड सीट से कांग्रेस ने रूपकला एम. को टिकट देने का फैसला किया है। चामराजपेट सीट से कांग्रेस के उम्मीदवार के तौर पर जमीर अहमद खान चुनाव लड़ेंगे।
कर्नाटक में पिछले विधानसभा चुनाव की बात करें, तो 2018 में 222 सीटों पर चुनाव हुए थे। इसमें बीजेपी को बहुमत से 8 सीटें कम यानी 104 सीट मिली थीं। कांग्रेस को 78 और जेडीएस को 38 सीटों पर जीत हासिल हुई थी। बीएस येदियुरप्पा को बीजेपी ने सीएम बनाया था। बाद में बसवराज बोम्मई को सीएम बनाया गया। येदियुरप्पा ने बहुमत साबित कर दिया था। अब कांग्रेस को उम्मीद है कि वो इस बार विधानसभा चुनाव जीतकर कर्नाटक में सरकार बना लेगी।