News Room Post

प्रिंयका गांधी ने दिया कांग्रेस अनुसूचित विभाग के कार्यकर्ताओं को मंत्र, कहा- संगठन से ज्यादा से ज्यादा नए लोगों को जोड़ें

Priyanka Gandhi VC lucknow

लखनऊ। शुक्रवार को कांग्रेस की राष्ट्रीय महासचिव प्रियंका गांधी ने कांग्रेस अनुसूचित विभाग के कार्यकर्ताओं को संबोधित किया। वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए कार्यकर्ताओं से बात करते हुए प्रियंका गांधी ने पार्टी को मजबूत बनाने के लिए कई मंत्र दिए। इस मौके पर उन्होंने प्रदेश की योगी सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने योगी सरकार पर आरोप लगाया कि, योगी आदित्यनाथ की सरकार में दलितों पर जितना अधिक अत्याचार हो रहा है, उतना किसी दूसरे राज्य में नहीं हो रहा है। सूबे की योगी सरकार पर प्रियंका गांधी ने आरोप लगाते हुए कार्यकर्ताओं से कहा कि, राज्य के कई शहरों में स्थित अंबेडकर छात्रावासों को यूपी सरकार बंद करना चाहती है। ऐसे में नुकसान युवाओं का होगा। ये सरकार दलित विरोधी नीतियों पर काम कर रही है। बता दें कि प्रियंका गांधी ने ये सभी बातें कांग्रेस मुख्यालय में कांग्रेस अनुसूचित विभाग की तरफ से आयोजित दलित महापंचायत में वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए कहीं।

उन्होंने कहा कि, हाथरस, ललितपुर और आजमगढ़ समेत कई जगहों पर जिस स्तर पर दलितों पर अत्याचार हुए, वह चिंता का विषय है। इस सभी जगहों पर कांग्रेस ने मजबूती के साथ दलितों के लिए खड़े होकर आंदोलन किया। अनुसूचित जाति विभाग के नेताओं व कार्यकर्ताओं से प्रियंका गांधी ने अपील करते हुए संगठन को मजबूत बनाने की बात कही।

प्रियंका गांधी वाड्रा ने कहा कि राज्य में जहां भी पीड़ित हों, उनके साथ मजबूती के साथ खड़े रहें और संगठन से ज्यादा से ज्यादा नए लोगों को जोड़ें। यही कार्य हमें और संगठन को मजबूती प्रदान करेंगे। बता दें कि प्रियंका गांधी दलितों के मुद्दे पर इससे पहले भी योगी सरकार निशाना साधती रही हैं। दो दिन पहले उन्होंने योगी सरकार की मिशन शक्ति मुहिम को लेकर आरोप लगाया था कि, ये पूरी तरह से असफल रही है। उन्होंने कहा था कि, योगी आदित्यनाथ सरकार के ‘मिशन शक्ति’ के बाद भी प्रदेश में महिलाओं के खिलाफ अपराध बढ़ रहे हैं।

Exit mobile version