News Room Post

Who Will Be Karnataka CM: कर्नाटक में जीत के बाद अब कांग्रेस आलाकमान के सामने नई मुश्किल, सीएम पद पर फंसा पेच!

siddaramaiah and dk shivkumar

बेंगलुरु/नई दिल्ली। कर्नाटक में 136 सीटें जीतकर कांग्रेस सत्ता में वापसी कर चुकी है। सरकार का गठन भी जल्दी ही हो जाएगा। कर्नाटक में बड़ी जीत से कांग्रेस के तमाम नेता उत्साहित हैं, लेकिन पार्टी आलाकमान के सामने नई मुश्किल खड़ी है। ये मुश्किल सीएम पद को लेकर है। कर्नाटक में कांग्रेस के दो कद्दावर नेता सीएम बनने की रेस में शामिल हैं। इनमें से एक प्रदेश अध्यक्ष डीके शिवकुमार तो दूसरे बुजुर्ग सिद्धारामैया हैं। सिद्धारामैया पहले भी कर्नाटक में कांग्रेस सरकार के सीएम रह चुके हैं। इस बार भी वो इस पद पर दावा ठोक चुके हैं।

उधर, शिवकुमार ने जिस तरह कांग्रेस को कर्नाटक में जीत दिलाई, उससे सीएम पद के लिए उनका दावा भी काफी मजबूत हो गया है। शिवकुमार पर मनी लॉन्ड्रिंग वगैरा के केस चल रहे हैं। वो जेल में भी रहे हैं। ये मुद्दे सीएम पद के लिए उनकी दावेदारी में रोड़ा जरूर अटकाते हैं, लेकिन कर्नाटक में जीत के बाद शिवकुमार ने जिस तरह भावुक होते हुए सोनिया गांधी की तारीफ की, उसे जानकार कांग्रेस आलाकमान से नजदीकी होने के सबूत के तौर पर पेश करने की कवायद मान रहे हैं। कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे कह चुके हैं कि सीएम के चेहरे पर अंतिम मुहर सोनिया और राहुल गांधी लगाएंगे।

कर्नाटक में आज जीते हुए कांग्रेस विधायकों की बैठक होने वाली है। बताया जा रहा है कि इसमें सीएम का नाम तय हो सकता है। विधायक बीच का रास्ता निकालते हुए कांग्रेस आलाकमान पर ही ये जिम्मेदारी भी छोड़ सकते हैं। सूत्रों के मुताबिक कांग्रेस कर्नाटक में ढाई-ढाई साल का सीएम बनाने के बारे में सोच रही है। ताकि नेताओं के बीच कलह न हो। हालांकि, इसमें भी ये पेच फंस सकता है कि पहले ढाई साल कौन इस पद को संभालेगा। इस मामले में कल तक फैसला होने की उम्मीद है।

Exit mobile version