News Room Post

Love Jihad In UP! यूपी के प्रयागराज में महिला ने लगाया लव जिहाद का आरोप, फेसबुक फ्रेंड, उसके भाई और दोस्तों पर गैंगरेप का भी दर्ज कराया केस

rape

प्रयागराज। यूपी के प्रयागराज में एक महिला ने लव जिहाद का आरोप लगाकर केस दर्ज कराया है। मामला झूंसी थाने का है। पीड़ित महिला के मुताबिक वो लव जिहाद का शिकार बनाई गई। आरोपी ने फेसबुक का सहारा लेकर उसे फंसाया। फिर खुद और दोस्तों के साथ मिलकर रेप किया। कई और संगीन आरोप भी महिला ने अपनी शिकायत में लगाए हैं। पुलिस के मुताबिक 35 साल की महिला झूंसी की ही निवासी है। उसने अपनी शिकायत में लव जिहाद और रेप के अलावा जबरन धर्मांतरण, गर्भपात कराने और जान से मारने की धमकी देने की बात भी लिखी है। महिला की शिकायत है कि यूपी के उन्नाव के बांगरमऊ में रहने वाले युवक से 10 साल पहले फेसबुक के जरिए जान पहचान हुई थी।

पीड़ित महिला ने बताया कि फेसबुक पर दोनों के बीच संपर्क हुआ। दोनों करीब आए। इसके बाद मिलने-जुलने भी लगे। आरोपी ने उससे शादी का वादा किया। फिर एक दिन दूसरे शहर घुमाने के बहाने ले गया। महिला का आरोप है कि दूसरे शहर में जहां ले जाया गया, वहां उसके फेसबुक फ्रेंड के साथी भी थे। सभी ने बंधक बनाकर गैंगरेप किया और वीडियो बना लिया। यहीं उसे पता चला कि फेसबुक पर जिसे वो हिंदू समझ रही थी, वो दूसरे समुदाय का है। जब उसने पूरे मामले में विरोध किया, तो आरोपी ने गलती मान ली और निकाह की बात की।

महिला का आरोप है कि निकाह के नाम पर उसका जबरन धर्म परिवर्तन करा दिया गया। फिर आरोपी अपने घर ले गया। जहां रात में मेहर देने के नाम पर उसके भाई ने भी रेप किया। लगातार रेप से वो गर्भवती हो गई। जिसका पता चलने पर गर्भपात करा दिया गया। महिला ने पुलिस को दी शिकायत में कहा है कि अब आरोपी उसे आगरा के एक दलाल के हाथ बेचना चाहता है। वो किसी तरह उसके चंगुल से बचकर भागी है। आरोपी अब उसे फोन पर धमकी दे रहा है। महिला थाने की पुलिस के मुताबिक महिला और उसका फेसबुक फ्रेंड लिव इन रिलेशनशिप में रहते थे। अभी जांच चल रही है। इसी वजह से आरोपी का नाम पुलिस ने उजागर नहीं किया है।

Exit mobile version