News Room Post

Anna Hazare : किस बात पर एकनाथ शिंदे सरकार से खुश हुए अरविंद केजरीवाल से खफा चल रहे अन्ना हजारे? वजह है बेहद खास

नई दिल्ली। लोकपाल विधेयक को लेकर देशभर में आंदोलन का नेतृत्व कर चुके सामाजिक कार्यकर्ता अन्ना हजारे ने महाराष्ट्र में लागू हो रहे लोकपाल कानून की तारीफ की है। उन्होंने कहा कि केंद्र के लोकपाल कानून की तर्ज पर महाराष्ट्र में प्रस्तावित लोकायुक्त अधिनियम भ्रष्टाचार के खिलाफ लड़ाई में क्रांतिकारी साबित होगा। हजारे लंबे समय से राज्य सरकार से लोकायुक्त कानून लाने की मांग कर रहे थे। अब मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे और उपमुख्यमंत्री फडणवीस की ओर से मसौदे को स्वीकार करने पर उन्होंने बधाई और धन्यवाद दिया है। अन्ना हजारे ने कहा कि उन्होंने लोकायुक्त अधिनियम की मांग को लेकर कई आंदोलन और अनिश्चितकालीन भूख हड़तालें की हैं। उस समय उनके साथ पूरा देश खड़ा हुआ था।


आपको बता दें इस बारे में बात करते हुए अन्ना हजारे ने कहा, ‘2018 में मैं दिल्ली के रामलीला मैदान में भूख हड़ताल पर बैठा। तत्कालीन सीएम फडणवीस ने राज्य में लोकायुक्त अधिनियम लागू करने का वादा किया था, लेकिन तब यह पूरा नहीं हुआ। मैंने उद्धव ठाकरे के नेतृत्व वाली सरकार से भी इस कानून को लाने के लिए कहा, लेकिन उन्होंने भी कुछ नहीं किया।’ ‘लोग इस कानून का महत्व नहीं समझ रहे लेकिन…’ 85 साल के अन्ना हजारे ने सोमवार को अहमदनगर जिले के रालेगण सिद्धि गांव में मीडिया से प्रेसवार्ता के दौरान बात की।

इसके साथ ही अन्ना हजारे ने कहा कि शिंदे-फडणवीस सरकार का यह फैसला लोगों के नजरिए से अच्छी और सकारात्मक बात है। हजारे ने कहा, ‘आज लोग भले ही इस कानून का महत्व नहीं समझ रहे हों, लेकिन यह लागू हो गया तो क्रांतिकारी साबित होगा। ऐसा इसलिए क्योंकि भ्रष्टाचार के सबूत पेश करने पर लोकायुक्त के पास मुख्यमंत्री और अन्य मंत्रियों के खिलाफ कार्रवाई करने की शक्तियां होंगी।’ ‘केंद्र के लोकपाल कानून की तर्ज पर यह अधिनियम’ उपमुख्यमंत्री देवेन्द्र फडणवीस ने कहा कि राज्य में केंद्र के लोकपाल कानून की तर्ज पर लोकायुक्त कानून होगा जो मुख्यमंत्रियों और मंत्रियों को भी इसके भीतर लेकर आएगा।

Exit mobile version