News Room Post

Covid: चीन के सबसे बड़े शहर शंघाई में कोरोना से दहशत, 2.6 करोड़ की आबादी को बचाने उतरी सेना

Coronavirus China

शंघाई। जिस चीन से कोरोना दुनियाभर में फैला, वहां अब कोरोना की रफ्तार इतनी तेज हो गई है कि सबसे बड़े शहर शंघाई में सेना को तैनात करना पड़ा है। शंघाई में लॉकडाउन लगाया गया है। लोग घरों मे कैद हैं। यहां पिछले 24 घंटे में कोरोना के 438 नए मरीज मिले हैं। इनके अलावा 7778 मरीज बिना लक्षणों वाले मिले हैं। चीन के पूर्वोत्तर प्रांत जिलिन में भी 4455 नए कोरोना मरीज मिले हैं। चीन की सरकारी समाचार एजेंसी शिन्हुआ के मुताबिक चीन में अब तक कोरोना से 4638 लोगों की जान गई है। हालांकि, अन्य स्वतंत्र स्रोतों के मुताबिक मरने वालों की संख्या लाखों में है।

शंघाई में पिछले महीने से अचानक कोरोना के केस बढ़ने लगे। शहर की आबादी को बचाने के लिए लॉकडाउन लगाने के बाद अब सेना भेजी गई है। चीन की सेना के 2000 जवान यहां टेस्टिंग कर रहे हैं। इनके अलावा हजारों की तादाद में हेल्थ वर्कर भी शंघाई में तैनात हैं। ये लोग भी घरों में जाकर टेस्टिंग कर रहे हैं। शंघाई की आबादी करीब 2.6 करोड़ है। बड़ी आबादी होने की वजह से टेस्टिंग में वक्त लग रहा है। इसकी वजह से कोरोना का प्रसार भी तेजी से हुआ है। यहां सभी लोगों को घरों में रहने का आदेश है। खाने-पीने की चीजें उनके दरवाजे तक पहुंचाई जा रही हैं।

हालात बेकाबू होने के डर से शंघाई के पूर्वी पुडोंग इलाके के निवासियों को शुक्रवार को घरों से निकलने की इजाजत नहीं मिली। पश्चिम के पुशी इलाके में भी शुक्रवार से 4 दिन का लॉकडाउन लगा दिया गया। इन इलाकों में रहने वालों को कहा गया है कि वे रोज अपनी कोरोना जांच करें। साथ ही घर में भी मास्क लगाकर रखना और परिवार के सदस्यों से दूरी बनाने का आदेश भी दिया गया है। इन सबकी वजह से शंघाई में काफी लोग परेशान हैं। वे सोशल मीडिया पर अपनी दिक्कतें बता रहे हैं।

Exit mobile version