News Room Post

Xi Jinping On Covid: चीन के राष्ट्रपति शी जिनपिंग ने बताया, क्यों अपने देश से कोरोना की पाबंदियों को हटाया

Xi Jinping On Covid: जिनपिंग ने जीरो कोविड नीति को वापस लेने के फैसले पर तो कुछ नहीं कहा, लेकिन उन्होंने बताया कि सरकार ने विज्ञान आधारित और लक्ष्य वाले नजरिए से नई कोविड यानी कोरोना नीति को अपनाया है।

Xi Jinping On Covid

बीजिंग। चीन में कोरोना से हाहाकार मचा है। लाखों की तादाद में मरीज हैं। हजारों लोगों की जान जा चुकी है। चीन में ये सबकुछ कोरोना प्रतिबंधों में ढील दिए जाने के बाद हुआ है। इस वजह से चीन के राष्ट्रपति शी जिनपिंग की आलोचना भी की जा रही है। वहीं, अब जिनपिंग ने खुद बताया है कि कोरोना से जुड़ी पाबंदियों को आखिकार क्यों हटाया गया। जिनपिंग ने नए साल के मौके पर अपने पहले सार्वजनिक संबोधन में चीन सरकार की कोविड नीति का भी बचाव किया। जिनपिंग ने जीरो कोविड नीति को वापस लेने के फैसले पर तो कुछ नहीं कहा, लेकिन उन्होंने बताया कि सरकार ने विज्ञान आधारित और लक्ष्य वाले नजरिए से नई कोविड यानी कोरोना नीति को अपनाया है।

अपने संबोधन में जिनपिंग ने कहा कि सरकार ने विज्ञान आधारित नजरिया अपनाया है। सरकार ने कोरोना से लोगों के जीवन और स्वास्थ्य की रक्षा के लिए सभी प्रयास किए। डॉक्टरों और स्वास्थ्य कार्यकर्ताओं ने बहादुरी से जिम्मेदारी निभाई। चीन के राष्ट्रपति ने दावा किया है कि मुश्किल चुनौतियों पर जीत हासिल हो चुकी है, लेकिन इस मामले में तमाम कठिनाइयों का सामना भी करना पड़ा है।

चीन ने पहले कोरोना के लिए कड़े प्रतिबंध लगाए थे। इनमें लॉकडाउन, बड़े पैमाने पर टेस्ट वगैरा थे। इनका लोगों ने जमकर विरोध किया था। जिसके बाद इन प्रतिबंधों को एकदम से खत्म कर दिया गया। जिसके बाद चीन में कोरोना के मरीजों की तादाद तेजी से बढ़ने लगी है।

चीन के राष्ट्रपति शी जिनपिंग ने अपने संबोधन में युवाओं का भी आह्वान किया कि वे खुद को समृद्ध बनाएं। जिनपिंग ने कहा कि युवाओं के समृद्ध होने पर ही चीन भी समृद्ध होगा। उन्होंने कहा कि युवाओं को आगे आकर अपनी जिम्मेदारियों को निभाना चाहिए। ताइवान के बारे में चीन के राष्ट्रपति ने कहा कि एक जलडमरूमध्य के दोनों तरफ एक ही परिवार के लोग हैं। दोनों किनारों पर हमवतन लोग चीन की समृद्धि को संयुक्त रूप से बढ़ावा देने के लिए मिलकर काम करेंगे। बता दें कि चीन लगातार ताइवान पर दावा करता है। बीते दिनों उसने ताइवान के आसपास सैन्य अभ्यास भी किया था। जिससे तनाव बढ़ गया था।

Exit mobile version