News Room Post

Gujarat Assembly Election 2022: गुजरात विधानसभा की 89 सीटों पर आज बंद होगा प्रचार, सर्वे में कांग्रेस और AAP की हालत पतली, बीजेपी की बम-बम

modi rahul kejriwal

नई दिल्ली। गुजरात में विधानसभा चुनाव के पहले दौर के लिए आज प्रचार खत्म हो जाएगा। पहले दौर में 1 दिसंबर को कुल 182 विधानसभा सीटों में से 89 सीटों पर वोट डाले जाएंगे। इन सीटों पर 788 उम्मीदवार हैं। प्रचार खत्म होने से एक दिन पहले यानी सोमवार को एक सर्वे आया है। इस सर्वे के नतीजे बताते हैं कि गुजरात में कांग्रेस की सांसें फूली हुई हैं। अगर इसके नतीजे सच हुए, तो सरकार बनाने का दावा कर रही आम आदमी पार्टी AAP को भी जोर का झटका लगने वाला है। जबकि, सर्वे के नतीजों के मुताबिक बीजेपी बम-बम करने की स्थिति में है।

पहले बात वोटिंग के पहले दौर की कर लेते हैं। जिन 89 सीटों पर वोटिंग होनी है, वहां 70 महिलाएं भी मैदान में हैं। 339 निर्दलीय प्रत्याशी हैं। बीजेपी, कांग्रेस और आम आदमी पार्टी सभी सीटों पर चुनाव लड़ रही हैं। जबकि, बीएसपी ने 57 और असदुद्दीन ओवैसी की AIMIM ने 6 सीटों पर अपने उम्मीदवार उतारे हैं। यानी ज्यादातर जगह त्रिकोणीय मुकाबला है। जबकि, कई जगह चौकोना और पांच कोने वाला मुकाबला भी दिखने की पूरी उम्मीद है। इसके बाद 5 दिसंबर को बाकी की 93 सीटों पर वोट डाले जाएंगे।

अब बात सर्वे की कर लेते हैं। ये सर्वे एबीपी न्यूज और सी-वोटर ने किया है। पहले दौर के मतदान से पहले ये आखिरी सर्वे है। इस सर्वे के नतीजों के हिसाब से जो भविष्यवाणी की गई है, वो बीजेपी के पक्ष में दिख रही है। सर्वे के नतीजों के मुताबिक राज्य की जनता एक बार फिर बीजेपी को सत्ता सौंपती दिख रही है। बीजेपी के खाते में 134 से 142 सीटें आ सकती हैं। जबकि, कांग्रेस की हालत पिछली बार के मुकाबले पतली दिख रही है। सर्वे में कांग्रेस को 28 से 36 सीटें मिलने का अनुमान जताया गया है। आम आदमी पार्टी को 7 से 15 सीटों और अन्य को 0 से 2 सीटों पर जीत मिलने का अनुमान सर्वे के अनुसार है। साल 2017 में हुए गुजरात विधानसभा चुनाव नतीजों की बात करें, तो बीजेपी को 99, कांग्रेस को 77 और अन्य को 6 सीटें मिली थीं।

Exit mobile version