News Room Post

Mahua Moitra: राहुल गांधी के बाद TMC सांसद महुआ मोइत्रा का बड़ा आरोप, लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला को लेकर कह दी ये बात

Mahua Moitra: अब राहुल गांधी के इन्हीं आरोपों पर सुर मिलाते हुए तृणमूल कांग्रेस (TMC) सांसद महुआ मोइत्रा (Mahua Moitra) ने लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला (Om Birla) पर आरोप लगाया है कि वो संसद में विपक्ष को बोलने की इजाजत नहीं दे रहे।

Mahua Moitra

नई दिल्ली। देश के सबसे पुरानी पार्टी कांग्रेस का हाल इस वक्त ऐसा है कि वो चुप रहे तो उसकी मुश्किलें बढ़ रही है और बोले तो उस पर संकट दोगुना हो जाता है। अब कांग्रेस पार्टी के नेता और एक समय पर अध्यक्ष रहे राहुल गांधी को ही देख लीजिए…राहुल गांधी ने 4 हजार से ज्यादा किलोमीटर की भारत जोड़ों यात्रा की। इस यात्रा के जरिए कांग्रेस ने विपक्ष को साथ लाने का प्रयास किया लेकिन उस वक्त ये यात्रा एक नहीं बल्कि कई बार विवादों में आई। कभी राहुल गांधी की शर्ट तो कभी उनके बयानों ने उन्हें विवादों में ला दिया।

इस यात्रा को खत्म करने के बाद राहुल गांधी लंदन पहुंचे तो वहां भी उनके दिए गए बयान अब उनकी मुश्किलें बढ़ा रहे हैं। कैंब्रिज में राहुल गांधी ने आरोप लगाया था कि भारतीय संसद में विपक्ष को बोलने का मौका नहीं मिलता। अगर विपक्ष किसी मुद्दे पर सरकार के खिलाफ आवाज उठाने की कोशिश करता है तो उनके माइक ही बंद कर दिए जाते हैं।

अब राहुल गांधी के इन्हीं आरोपों पर सुर मिलाते हुए तृणमूल कांग्रेस (TMC) सांसद महुआ मोइत्रा (Mahua Moitra) ने लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला (Om Birla) पर आरोप लगाया है कि वो संसद में विपक्ष को बोलने की इजाजत नहीं दे रहे। महुआ मोइत्रा (Mahua Moitra) ने अपने ऑफिशियल ट्विटर अकाउंट पर एक ट्वीट कर लिखा है कि बीते 3 दिनों से लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला (Lok Sabha Speaker) विपक्ष को सदन में बोलने के लिए मौका नहीं दे रहा है। केवल भारतीय जनता पार्टी के मंत्रियों को इजाजत मिल रही है। ये लोकतंत्र पर हमला है। आगे अपने ट्वीट में महुआ मोइत्रा ने ये तक लिखा है कि वो इस तरह के ट्वीट के लिए जेल की सलाखों के पीछे जाने को भी तैयार है।

कांग्रेस नेता अधीर रंजन चौधरी ने भी लगाया है आरोप

महुआ मोइत्रा से पहले कांग्रेस नेता अधीर रंजन चौधरी की तरफ से भी आरोप लगाए गए हैं कि उनके संसद के टेबल पर लगा माइक बीते तीन दिनों से म्यूट है। कांग्रेस नेता ने कहा था कि उनके माइक का इस तरह से म्यूट होना दर्शाता है कि राहुल गांधी ने जो बातें कहीं थी वो सच है।

Exit mobile version