News Room Post

Himachal: हिमाचल के सीएम सुखविंदर सुक्खू को कोरोना ने चपेट में लिया, PM मोदी से आज करनी थी मुलाकात

हिमाचल प्रदेश के सीएम सुखविंदर सिंह सुक्खू को कोरोना हो गया है। पिछले कुछ दिन से उनकी तबीयत नासाज थी। सुक्खू ने इसके बाद भी शनिवार और रविवार को अपने कामकाज निपटाए थे। कई मीडिया संगठनों को उन्होंने लंबे इंटरव्यू भी दिए थे।

sukhvinder singh sukkhu 1

शिमला। हिमाचल प्रदेश के सीएम सुखविंदर सिंह सुक्खू को कोरोना हो गया है। पिछले कुछ दिन से उनकी तबीयत नासाज थी। सुक्खू ने इसके बाद भी शनिवार और रविवार को अपने कामकाज निपटाए थे। कई मीडिया संगठनों को उन्होंने लंबे इंटरव्यू भी दिए थे। अब कोरोना की बात सामने आने के बाद उनसे पिछले एक हफ्ते के दौरान संपर्क में आने वाले लोगों को भी खुद को आइसोलेट कर कोरोना की जांच करानी होगी। सूत्रों के मुताबिक सुक्खू की तबीयत ज्यादा खराब नहीं है। फिलहाल डॉक्टर उनके स्वास्थ्य पर नजर रखे हुए हैं। अगले करीब एक हफ्ते तक सुक्खू अब घर पर ही रहेंगे। वो कामकाज नहीं कर सकेंगे।

सुक्खू इस दौरान विधायक पद की शपथ भी शायद न ले सकें। ऐसे में डिप्टी सीएम मुकेश अग्निहोत्री को ही कामकाज देखना होगा। सुक्खू को कोरोना होने से हिमाचल मंत्रिमंडल के विस्तार को लेकर भी सवाल खड़े हो गए हैं। सुक्खू के ठीक होने के बाद ही हिमाचल में मंत्रिमंडल विस्तार हो सकेगा। सुक्खू ने कहा था कि इस महीने के अंत तक अपनी सरकार में वो अन्य मंत्रियों की नियुक्ति की प्रक्रिया पूरी कर लेंगे। इस प्रक्रिया में कोरोना अब बड़ी बाधा बन गया है।

सुक्खू को आज पीएम नरेंद्र मोदी से भी शिष्टाचार मुलाकात करनी थी। सुक्खू ने मीडिया को दिए इंटरव्यू में मोदी के प्रति काफी अच्छी बातें कही थीं। सुक्खू ने कहा था कि मोदी भी हिमाचल को पसंद करते हैं। मोदी से उनको राज्य के विकास के लिए हरसंभव मदद मिलने की उम्मीद है। अब कोरोना के कारण सुक्खू और मोदी की ये मुलाकात भी नहीं हो सकेगी। माना जा रहा है कि कोरोना से उबरने के बाद सुक्खू अगले महीने मोदी से मुलाकात करने दिल्ली जाएंगे।

Exit mobile version