News Room Post

Corona Vaccination: कोरोना वैक्सीनेशन में भारत ने रचा इतिहास, 2 अरब से ज्यादा डोज लगाने वाला बना दूसरा देश

Corona Vaccination

नई दिल्ली। कोरोना महामारी के खिलाफ जंग में भारत ने एक और बड़ा कीर्तिमान रचा है। रविवार को देश ने कोविड टीकाकरण पर इतिहास रच दिया है। भारत ने राष्ट्रव्यापी टीकाकरण अभियान के तहत अब तक कोरोना वैक्सीन की 2 बिलियन खुराक को पार कर लिया है। इसकी जानकारी खुद केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री मनसुख मंडाविया ने दी है। आपको बता दें कि भारत 2 अरब से ज्यादा लोगों को वैक्सीन देने वाला दूसरा देश बन गया है। सिर्फ चीन ही एकमात्र देश है जहां भारत से ज्यादा कोविड वैक्सीन की डोज लगाई गई है। आपको बता दें कि देश में कोरोना वैक्सीनेशन की शुरुआत 16 जनवरी 2021 से की गई थी और आज यानी 17 जुलाई को 18 महीने बाद भारत ने 2 अरब से वैक्सीन लगाए जाने का आंकड़ा छू लिया है। वहीं कोरोना के खिलाफ जंग में भारत को मिली इस बड़ी सफलता पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने ट्वीट कर देशवासियों को बधाई दी है।

पीएम मोदी का ट्वीट-

पीएम मोदी ने रविवार को ट्वीट कर लिखा, ”भारत ने फिर रचा इतिहास! वैक्सीन की 200 करोड़ खुराक का विशेष आंकड़ा पार करने पर सभी भारतीयों को बधाई। उन लोगों पर गर्व है जिन्होंने भारत के टीकाकरण अभियान को पैमाने और गति में अद्वितीय बनाने में योगदान दिया। इसने कोविड-19 के खिलाफ वैश्विक लड़ाई को मजबूत किया है।”

केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री मनसुख मंडाविया ने ट्वीट कर लिखा, बधाई हो भारत! सबके प्रयास से आज देश ने 200 करोड़ वैक्सीन लगाने का आंकड़ा पार कर लिया है।

Exit mobile version