News Room Post

Bhagwant Mann Vs Rahul: राहुल ने भगवंत मान को बताया रिमोट कंट्रोल से चलने वाला तो मिला ये तगड़ा जवाब

rahul gandhi and bhagwant mann

नई दिल्ली। भारत जोड़ो यात्रा निकाल रहे कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी और पंजाब के सीएम भगवंत मान के बीच सोमवार को बयानों की जंग छिड़ गई। राहुल गांधी ने जहां कहा कि भगवंत मान दिल्ली के रिमोट कंट्रोल पर चल रहे हैं। वहीं, भगवंत मान ने राहुल को ज्यादा न बोलने की नसीहत दे दी। भगवंत मान ने जनता का भी हवाला दिया और चन्नी को सीएम बनाने का मुद्दा उठाकर राहुल पर पलटवार किया। पहले आपको बताते हैं कि पंजाब में अपनी यात्रा के दौरान राहुल गांधी ने सीएम भगवंत मान के बारे में कल क्या बयान दिया था।

राहुल गांधी ने कहा था कि मैं पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान से कहना चाहता हूं कि आप पंजाब के मुख्यमंत्री हैं। पंजाब को पंजाब से ही चलाया जाना चाहिए। भगवंत मान को केजरीवाल जी और दिल्ली के दबाव में नहीं आना चाहिए। आपको स्वतंत्र रूप से काम करना चाहिए और किसी के रिमोट कंट्रोल में नहीं होना चाहिए। ये पंजाब के सम्मान का मामला है। राहुल गांधी के इस बयान के बाद ही भगवंत मान भड़क गए और उन्होंने राहुल के बयान को आधार बनाकर ट्विटर के जरिए उनपर पलटवार कर दिया। भगवंत मान ने भी राहुल को सीएम चुनने के मामले और कैप्टन अमरिंदर सिंह का नाम लेते हुए निशाना बनाया।

भगवंत मान ने ट्वीट में लिखा कि राहुल जी, पंजाब में आप उल्टा सीधा न ही बोलें तो अच्छा है। मुझे पंजाब की जनता ने मुख्यमंत्री बनाया है और चन्नी जी को राहुल गांधी ने। आपने 2 मिनट में चुने हुए मुख्यमंत्री कैप्टन साहब को दिल्ली से बेइज्जत करके हटा दिया था। यात्रा में पंजाब के अध्यक्ष को धक्के पड़ रहे हैं। आप बोलते अच्छे नहीं लगते। भगवंत मान के इस पलटवार पर राहुल कुछ नहीं बोले, लेकिन मान सरकार पर आरोप लगता रहता है कि वो दिल्ली में अरविंद केजरीवाल से सलाह लेकर काम करती है। यही बात राहुल ने बोली थी। जिसपर ट्विटर पर भगवंत मान के साथ वार-पलटवार हुआ।

Exit mobile version