News Room Post

मध्यप्रदेश में क्या टूट जाएगी कांग्रेस? कांग्रेस पदाधिकारी ने उठाई माधवराव सिंधिया की बनाई पार्टी को फिर ज़िंदा करने की मांग

नई दिल्ली। मध्य प्रदेश कांग्रेस में घमासान तेज होता जा रहा है। मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री कमलनाथ और ज्योतिरादित्य सिंधिया के बीच लड़ाई खुलकर सामने आ गई है। सिंधिया ने सड़क पर उतरने की चेतावनी भी दे दी है। इसके जवाब में कमलनाथ ने उन्हें सड़क पर उतरने का न्योता भी दे दिया है। मगर इस बीच एक नए घटनाक्रम ने कांग्रेस की चिंता बढ़ा दी है।

महिला कांग्रेस की प्रदेश महासचिव रुचि राय ठाकुर ने ज्योतिरादित्य सिंधिया से उनके पिता माधवराव सिंधिया की पार्टी मध्य प्रदेश विकास कांग्रेस को एक बार फिर पुनर्जीवित करने की मांग की है। उन्होंने सोशल मीडिया पर एक पम्पलेट भी पोस्ट की है। महिला कांग्रेस की इस पदाधिकारी ने आरोप लगाया है कि इसी तरह ज्योतिरादित्य सिंधिया के पिता की भी कांग्रेस ने उपेक्षा की थी।

रुचि राय ठाकुर के मुताबिक 90 के दशक में कुछ इसी तरीके से स्वर्गीय माधवराव सिंधिया की कांग्रेस पार्टी ने अनदेखी की थी। उसी के चलते उन्होंने 1996 में इस पार्टी का न केवल गठन किया था बल्कि इसके चुनाव चिन्ह पर चुनाव लड़कर भारी मतों से चुनाव भी जीता था। जिस तरीके से मध्यप्रदेश में सत्ता परिवर्तन में पूर्व केंद्रीय मंत्री और राष्ट्रीय महासचिव ज्योतिरादित्य सिंधिया का योगदान है वह किसी से छुपा नहीं है लेकिन उसके बावजूद भी सरकार में आने के बाद उन्हें को तवज्जो नहीं दी गई जो मिलनी चाहिए थी।

दरअसल सीएम कमलनाथ के रुख से ज्योतिरादित्य सिंधिया से जुड़े कांग्रेस कार्यकर्ता आहत हैं। वे चाहते हैं कि सिंधिया मध्य प्रदेश विकास कांग्रेस को एक बार पुनः जीवित करें। सिंधिया और सीएम कमलनाथ के बीच हुई बयानबाजी के बाद प्रदेश सरकार के दो मंत्री इमरती देवी और प्रदुमन सिंह तोमर सिंधिया के साथ सड़कों पर उतरने का एलान कर चुके हैं। ऐसे में महिला कांग्रेस की इस पदाधिकारी की नई मांग इस बात का इशारा करने के लिए काफी है कि कांग्रेस अपने ही झगड़ों से बुरी तरह परेशान है।

Exit mobile version